डूंगरपुर

Rajastha : चुनाव ड्यूटी में बीएलओ की तबीयत बिगड़ी, अशोक कुमार बरिया की मौत, पीछे छोड़ गए पत्नी और दो मासूम बेटियां

Dungarpur : धंबोला (डूंगरपुर). पंचायत चुनाव के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डूका में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के रूप में कार्यरत शिक्षक अशोक कुमार बरिया की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 4:31 PM IST
dungarpur dhambola blo teacher ashok baria died on election duty
Dungarpur : धंबोला (डूंगरपुर). अशोक कुमार बरिया। फोटो पत्रिका

Dungarpur : धंबोला (डूंगरपुर ) . पंचायत चुनाव के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डूका में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के रूप में कार्यरत शिक्षक अशोक कुमार बरिया की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे पुलिसकर्मियों की आवास व्यवस्था के सिलसिले में विद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित आश्रम छात्रावास गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें उपचार के लिए गुजरात ले जाया जा रहा था, लेकिन पाण्डरवाड़ा के पास ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शिक्षक के शव को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। यहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।

अशोक कुमार बरिया राजकीय प्राथमिक विद्यालय पालमपुर पीओ डूका में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे मूल रूप से डूका गांव के निवासी थे और वर्ष 2019 में सरकारी सेवा में नियुक्त हुए थे। करीब सात साल की नौकरी के दौरान वे शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे थे। पंचायत चुनाव में उनकी ड्यूटी डूका के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बीएलओ के रूप में लगाई गई थी।

शिक्षक बरिया के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी घाटोल में कक्षा 11वीं में पढ़ रही है, जबकि छोटी बेटी 10 वर्ष की है और कक्षा छठी में अध्ययनरत है। उनकी पत्नी पूर्व में उपसरपंच रह चुकी हैं और वर्तमान में गृहिणी हैं। वे बीए-बीएड शिक्षित हैं।

झालरापाटन : पंचायत चुनाव ड्यूटी से लौटे शिक्षक की मौत

ऐसी ही एक घटना झालरापाटन से है। पंचायती राज चुनाव में ड्यूटी पूरी कर घर लौटे 55 वर्षीय शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शहर थानाधिकारी हंसराज मीणा ने बताया कि 55 वर्षीय महेश चंद सोनी राजकीय विद्यालय गागरोन में सेवारत थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी पंचायत राज चुनाव में रिजर्व कर्मचारियों के तौर पर लगी थी। गुरुवार शाम 22 अक्टूबर को करीब 5 बजे वे घर लौटे। रात 8 बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, परिजन उन्हें एसआरजी चिकित्सालय लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पाली : चुनाव ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की मौत

पाली में पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान मनोज कुमार पुत्र मगतूराम वाल्मीकि (57 वर्ष) की तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और चक्कर आने के बाद उन्हें पसीना आने लगा और वे बेहोश हो गए। उन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई गई है। गुरुवार को पंचायत चुनाव में उनकी ड्यूटी राणावास गांव के सरकारी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 77 पर थी।

Updated on:
25 Oct 2026, 4:31 PM IST
Published on: