डूंगरपुर

डूंगरपुर: हॉस्टल में फोन पर गुफ्तगू करने से भड़का सीनियर, अगले दिन घेरकर जूनियर का सिर फोड़ा; जान से मारने की भी दी धमकी

डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र से मारपीट का आरोप लगा है। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसका ICU में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 1:40 PM IST
Dungarpur Medical College Fight
डूंगरपुर. जिला अस्पताल में भर्ती प्रिंस लाम्बा (Photo-Patrika)

डूंगरपुर. डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर जूनियर के साथ मारपीट का आरोप लगा है। हमले में द्वितीय वर्ष का छात्र प्रिंस लाम्बा गंभीर घायल हो गया। आरोप है कि एक सीनियर ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। छात्र का जिला अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। मामले में सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी गई है।

हॉस्टल में मोबाइल पर बात करने से शुरू हुआ विवाद

नीमकाथाना निवासी प्रिंस ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह हॉस्टल की लॉबी में मोबाइल पर बात कर रहा था। इस दौरान एक सीनियर ने ऊंची आवाज में बात करने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस और गाली-गलौच हुई। सीनियर ने मारपीट की कोशिश भी की, लेकिन दूसरे छात्रों के पहुंचने से उस समय विवाद शांत हो गया।

अगले दिन समझौते के बहाने से बुलाया

प्रिंस के अनुसार, मंगलवार शाम पढ़ाई खत्म होने के बाद कोटा निवासी सीनियर छात्र निशांत शर्मा ने उसे समझौते के लिए कॉलेज के बाहर चाय की थड़ी पर बुलाया। वहां सिद्धांत यादव, अक्षय मीणा, अनुराग पारिक, हर्ष मीणा, जयेश पांडोर और राजेंद्र लोढ़ा पहले से मौजूद थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही इन छात्रों ने प्रिंस के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके साथी अभिषेक पुरी और विरेंद्र मोहाल भी इसकी चपेट में आ गए।

कड़े से सिर पर वार, अस्पताल में टांके लगाए

मारपीट के दौरान अक्षय मीणा ने हाथ में पहने कड़े से प्रिंस के सिर पर वार किए। चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत को देखते हुए ICU में इलाज किया जा रहा है।

दोबारा कॉलेज आने पर जान से मारने की धमकी

प्रिंस ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि सीनियर छात्रों ने उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज आने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके पिता रामसिंह जाट CRPF में हेड कांस्टेबल हैं। सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
19 Nov 2026, 1:40 PM IST
Published on: