19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग पर सख्ती, अब पीड़ित सीधे पुलिस से कर सकेंगे शिकायत; जानें नया नियम

राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग पर सख्ती, अब पीड़ित सीधे पुलिस से कर सकेंगे शिकायत; जानें नया नियम

राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग पर सख्ती होगी। प्रथम वर्ष के हर विद्यार्थी के मोबाइल में राजकॉप एप डाउनलोड करवाना अनिवार्य होगा। विद्यार्थी किसी भी अप्रिय घटना की शिकायत सीधे पुलिस से कर सकेंगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 19 Nov 2026, 7:56 AM IST

rajasthan medical colleges tighten anti ragging rules

मेडिकल कॉलेज में रैगिंग हुई तो सीधे पुलिस को शिकायत कर सकेगा पीड़ित (पत्रिका फाइल फोटो)

Rajasthan Medical Colleges Ragging: जयपुर: मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब केवल एंटी रैगिंग कमेटियां बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि विद्यार्थियों को सीधे पुलिस से जोड़ना भी जरूरी होगा। प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में प्रथम वर्ष के प्रत्येक विद्यार्थी के मोबाइल में राजकॉप पुलिस एप डाउनलोड करवाना अनिवार्य होगा। रैगिंग या किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में विद्यार्थी इस एप के माध्यम से सीधे पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे।

रैगिंग की शिकायत पर तुरंत मिलेगी पुलिस की मदद

राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाएं लगातार सामने आने और कई मामलों में कार्रवाई को लेकर सवाल उठने के बीच चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राजकॉप एप को विद्यार्थियों की सुरक्षा का अहम माध्यम बनाया गया है। कॉलेज प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रथम वर्ष के प्रत्येक विद्यार्थी के मोबाइल में राजकॉप एप उपलब्ध हो। किसी भी तरह की रैगिंग, उत्पीड़न या अन्य अप्रिय घटना होने पर विद्यार्थी सीधे पुलिस को सूचना देकर तत्काल मदद मांग सकेंगे।

कमेटियां कागजों में नहीं, नियमित होगी निगरानी

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने सभी मेडिकल कॉलेजों में एंटी रैगिंग कमेटी और एंटी रैगिंग स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। कमेटियों की नियमित बैठकें आयोजित करने के साथ कॉलेज परिसरों में निरीक्षण और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। शिकायत मिलने पर उसकी जांच, कार्रवाई और बचाव से संबंधित पूरा रिकॉर्ड भी संधारित करना होगा। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि एंटी रैगिंग व्यवस्था केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका नियमित रूप से प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए।

राजस्थान में रैगिंग की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की शिकायतें विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती रही हैं। ऐसे में नई व्यवस्था का उद्देश्य पीड़ित विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने का सीधा और आसान माध्यम उपलब्ध कराना है। राजकॉप ऐप के जरिए पुलिस से संपर्क की सुविधा मिलने से रैगिंग की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।

बाड़मेर, जोधपुर और बांसवाड़ा में भी सामने आए रैगिंग के मामले

राजस्थान के कई मेडिकल कॉलेजों में हाल के दिनों में रैगिंग की शिकायतें सामने आई हैं। बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में जूनियर विद्यार्थियों की रैगिंग के आरोप में करीब 80 एमबीबीएस विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद 19 विद्यार्थियों को निलंबित किया गया।

इसके अलावा पाली, चूरू और बांसवाड़ा के मेडिकल कॉलेजों में भी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने सीनियर छात्रों पर रैगिंग, मानसिक उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज के मामले में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगा था। इन घटनाओं के बाद प्रदेश में मेडिकल विद्यार्थियों की सुरक्षा और रैगिंग रोकने के इंतजामों को लेकर सवाल उठे हैं।