
Dungarpur Result : डूंगरपुर जिले में पंचायती राज चुनाव में पहली बार भाग्य आजमाने वाली भारत आदिवासी पार्टी (BAP) मजबूती के साथ उभरी है। पार्टी ने जिला परिषद में 37 में से 14 एवं 14 पंचायत समितियों की 234 में से 87 सीटें जीत कर भाजपा व कांग्रेस की धड़कनें बढ़ा दी है। बीएपी का तीन पंचायत समितियों-गलियाकोट, झोथरी व चीखली में स्पष्ट बहुमत है। वहीं सीमलवाड़ा, बिछीवाड़ा में भाजपा-कांग्रेस से ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाया है। पाल देवल पंचायत समिति में बीएपी कांग्रेस के बाद दूसरे स्थान पर है। अब आगामी दिनों में जिला प्रमुख व प्रधानों के चुनाव होने हैं। ऐसे में बीएपी इसकी रणनीति में जुट गई है।
डूंगरपुर जिले में पिछले पंचायत राज चुनाव में भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) समर्थक निर्दलीयों ने भाग्य आजमाया था एवं कई सीटों पर जीत हासिल कर अपना वर्चस्व बनाया था। अब इस बार बीएपी की जीत ने जनजाति क्षेत्र डूंगरपुर में राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया है। प्रमुख दलों की स्थितिः चुनाव में पंचायत समिति सदस्य में भाजपा ने 68 वार्ड में जीत दर्ज की है। इसमें साबला, सागवाड़ा, पाड़वा व भंडारी में बहुमत है। जिला परिषद की 14 सीटें जीती हैं। वहीं कांग्रेस ने पंचायत समिति की 74 सीटें जीतकर डूंगरपुर, गामड़ी अहाड़ा व दोवड़ा में बहुमत हासिल किया है। साथ ही जिला परिषद की 9 सीटें अपने नाम की है। जिले में कांग्रेस व भाजपा के एक-एक विधायक है।
बीएपी ने पंचायत समिति एवं जिला परिषद के चुनावों में कई सीटों पर सामान्य सहित अन्य वर्गों को भी टिकट देकर उतारा। कई सीटों पर प्रत्याशियों ने जीत भी दर्ज की। पंचायत समिति के वार्ड में गामडी अहाड़ा के वार्ड 1 में नलिनी चुंडावत, साबला के वार्ड में देवुकुंवर राठौड़, सीमलवाड़ा के वार्ड 6 में अब्दुल गनी शेख, गलियाकोट के विशाल जोशी वार्ड संख्या 6 से विजेता बने। जिला परिषद के वार्ड 25 पाडवा में दिग्विजयसिंह चुंडावत ने चुनाव जीता। बीएपी ने चुनाव में युवाओं को आगे लाते हुए कई सीटों पर चुनाव लड़ाया।
पंचायतीराज चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। इस बार 14 पंचायत समितियों के 234 और 37 जिला परिषद सदस्य के वार्डों के चुनावी परिणाम सामने आ गए हैं। ऐसे में जिला परिषद के 37 वार्डों के चुनाव परिणामों ने जिले की राजनीति में बेहद रोचक और त्रिकोणीय मोड़ ला दिया है, क्योंकि किसी भी एक दल को बहुमत का जादुई आंकड़ा यानी कि 19 सीटें नहीं मिली। इस कड़े मुकाबले में भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 14-14 सीटों पर कब्जा जमाकर बराबरी की टक्कर दी है। जबकि अन्य जिला परिषदों में शानदार प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस डूंगरपुर जिला परिषद में 9 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर सिमट गई है। ऐसे में अब जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए किसी भी दल को दूसरे दल के समर्थन या गठबंधन की जरूरत होगी, जिससे सियासी जोड़-तोड़ तेज हो गई है।