डूंगरपुर

Dungarpur Road Accident : बड़ी बहन ने दिया अर्थी को कंधा, फिर मृत बहन की कलाई पर बांधी राखी, रो पड़े सब

Dungarpur Road Accident : डूंगरपुर के भीलूड़ा में एक सड़क हादसे में छोटी बहन की दर्दनाक मौत हो गई। कोई भाई नहीं था तो बड़ी बहन ने अर्थी को कांधा दिया। श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार से पूर्व जब बड़ी बहन ने मृतका की कलाई पर राखी बांधी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक उठीं।
2 min read
Dungarpur Road Accident elder sister gave shoulder bier Rakhi tied on deceased sister wrist Everyones eyes lit up
सड़क हादसे में मृतक आशु उर्फ श्रेयांशी व अंतिम यात्रा में उमड़े ग्रामीण। फोटो पत्रिका

Dungarpur Road Accident : डूंगरपुर के भीलूड़ा में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीनीं तो शुक्रवार को पूरा भीलूड़ा गांव आंसू बहा उठा। शुक्रवार को जब श्रेयांशी की अंतिम यात्रा निकली, तो घर में कोई भाई नहीं था, तो बड़ी बहन ने खुद आगे बढ़कर छोटी बहन की अर्थी को कांधा दिया। नीलकंठ महादेव मंदिर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार से पूर्व जब बड़ी बहन ने मृतका की कलाई पर राखी बांधी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक उठीं।

उल्लेखनीय है कि भीलूड़ा निवासी आशु उर्फ श्रेयांशी पुत्री धर्मेंद्र पंड्या एवं उसकी मां अनिता पंड्या गुरुवार को बांसवाड़ा जिले के अरथूना से गढ़ी की ओर बाइक से आ रहे थे। इस दौरान गढ़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे श्रेयांशी एवं अनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए एवं दोनों घायलों को एम्बुलेंस से परतापुर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद श्रेयांशी की हालत गंभीर होने से परिजन उसे सागवाड़ा के निजी अस्पताल ले जा रहा थे तब ही श्रेयांशी की मौत हो गई।

स्ट्रेचर पर आई मां, बेबस आंखों से की लाडली की विदाई

हादसे का दर्द इतना गहरा था कि मृतका की मां और भाजपा सागवाड़ा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनीता पंड्या खुद गंभीर रूप से घायल हैं। शरीर के पिछले हिस्से में फ्रैक्चर होने के कारण वे बिस्तर से उठने की स्थिति में भी नहीं थीं, लेकिन ममता का खिंचाव उन्हें बेड रेस्ट के बावजूद स्ट्रेचर पर खींच लाया। स्ट्रेचर पर लेटे-लेटे ही मां ने अपनी लाडली के अंतिम दर्शन किए, जो किसी भी पत्थर दिल को पिघला देने वाला दृश्य था।

इधर, परिजनों ने बताया कि श्रेयांशी ने 9 वर्ष की उम्र में अप्रेल 2011 में दिल्ली के जंतर मंतर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जन लोकपाल विधेयक पारित करने के लिए अन्ना हजारे के अनशन के दौरान इसका समर्थन करते हुए गांव के गणेश चौक मंदिर प्रांगण में तीन दिन तक अनशन किया था।

अंतिम विदाई में हर आंख नम

इधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष की बेटी के निधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। शुक्रवार को मृतक श्रेयांशी का शव परतापुर उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद प्रातः गांव भीलूड़ा आने पर बेटी के अंतिम दर्शन एवं विदाई में ग्रामीण उमड़े। लोगों ने भीगे नेत्रों से अंतिम विदाई दी।

इस दौरान पूर्व सांसद कनकमल कटारा, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल ड़ेचा, पूर्व विधायक अनीता कटारा, भाजपा जिला मंत्री जवाहर भाटिया, उप सरपंच पदमा सोमपुरा, गोरेश्वर मंडल अध्यक्ष गिरीश पाटीदार, चिराग मेहता, चंदन सिंह गामड़ा, ग्रामीण मंडल महामंत्री डायालाल पाटीदार, हार्दिक जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Updated on:
04 Apr 2026 12:15 pm
Published on:
04 Apr 2026 10:02 am