डूंगरपुर

Dungarpur: सब्जी के खाली कैरेट की आड़ में शराब तस्करी, 60 लाख का माल बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

Dungarpur Liquor Smuggling: डूंगरपुर में पुलिस की डीएसटी टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपए की शराब जब्त की। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब के कार्टन सब्जी के खाली कैरेट के नीचे छिपाए थे।
2 min read
Sep 05, 2026
Dungarpur Liquor Smuggling
Dungarpur: जब्त शराब और पुलिस (फोटो-पत्रिका)

डूंगरपुर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 60 लाख रुपए की शराब बरामद की है। डीएसटी टीम ने सदर थाना क्षेत्र में की गई दोनों कार्रवाइयों के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाकाबंदी तोड़कर भागा एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जब्त शराब को गुजरात ले जाया जा रहा था।

पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के मोतली मोड़ के समीप नेशनल हाईवे पर की गई। थानाधिकारी संगीता बंजारा के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसटी टीम ने मोतली के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

सब्जी के खाली कैरेट के नीचे छिपाई शराब

इसी दौरान एक लोडिंग टेम्पो को रोककर तलाशी ली गई। टेम्पो में ऊपर से देखने पर सब्जी के खाली कैरेट रखे हुए थे। पुलिस को संदेह होने पर कैरेट हटाकर नीचे जांच की गई। इसके बाद जो सामने आया, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कैरेट के नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस ने टेम्पो से 194 कार्टन शराब बरामद किए। मामले में बंबोरा, उदयपुर निवासी शेरसिंह पुत्र नाहर सिंह सिसोदिया और गोपाल पुत्र शंकरलाल नागदा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने टेम्पो को भी जब्त कर लिया है।

नाकाबंदी तोड़कर भागा चालक, पीछा कर एक आरोपी पकड़ा

दूसरी कार्रवाई भी मोतली क्षेत्र में की गई। पुलिस ने शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे खेरवाड़ा की तरफ से आ रहे एक लोडिंग टेम्पो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के रोकने का इशारा करने के बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ा दिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने टेम्पो का पीछा किया। पालवड़ा मोड़ के समीप चालक ने टेम्पो रोक दिया और उसमें सवार आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने टेम्पो की तलाशी ली तो उसमें शराब के कार्टन मिले। इस कार्रवाई में 141 कार्टन शराब जब्त की गई। पुलिस ने गुडेल, सलूंबर निवासी मुकेश पुत्र हीरागिरी को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

गुजरात ले जाने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 335 कार्टन शराब बरामद हुई है। जब्त शराब की कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को गुजरात ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात में किसे सप्लाई किया जाना था।

यह वीडियो भी देखें :

कार्रवाई में एएसआई मोहनपाल सिंह, कांस्टेबल मगन, जितेंद्र यादव, आदित्य और जितेंद्र सहित डीएसटी टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Updated on:
05 Sept 2026 05:26 pm
Published on:
05 Sept 2026 05:25 pm