डूंगरपुर

Dungarpur News : BAP की चीखली महिला प्रधान के खिलाफ बगावत, वजह करेगी हैरान

Dungarpur News : डूगंरपुर जिले की चीखली पंचायत समिति से भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की महिला प्रधान शर्मिला ताबियाड के खिलाफ बगावत शुरू हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 31 Dec 2024, 11:42 AM IST
Rajasthan Dungarpur BAP Chikhali Panchayat Samiti Pradhan Rebellion Reason will Surprise You

Dungarpur News : डूगंरपुर जिले की चीखली पंचायत समिति से भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की महिला प्रधान शर्मिला ताबियाड के खिलाफ बगावत शुरू हो गई है। नाराज बीएपी के 6 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लेकर जिला परिषद के सीईओ को ज्ञापन सौंपा है। प्रधान शर्मिला के पति बदामीलाल ताबियाड डेढ़ महीने पहले हुए चौरासी विधानसभा उपचुनाव में बीएपी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव में खड़े हुए थे। ऐसे में इस नाराजगी को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि चिखली पंचायत समिति में 17 सदस्य हैं, ऐसे में 6 की नाराजगी ज्यादा मायने नहीं रखती हैं। चीखली पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 कोचरी से सदस्य शीला पारगी, वार्ड 17 से प्रियंका, वार्ड 3 से मणि, वार्ड 15 धनगांव से निर्मला, पंचकुंडी वार्ड से संगीता डामोर ओर वार्ड 6 डूंगरसारण से भूरालाल रोत ने जिला परिषद पहुंच ज्ञापन सौंपा हैं।

सदस्यों ने प्रधान के कामकाज को लेकर जताई नाराजगी

सदस्यों ने कहा कि प्रधान की ओर से पंचायत समिति की बैठक आहूत नहीं की जा रही है। पंचायत समिति में विकास को लेकर कोई काम भी नहीं करवाए जा रहे है। वहीं सदस्यों की पूरी तरह से अनदेखी की जा रही है। बजट का उपयोग भी नहीं हो रहा है। सदस्यों ने प्रधान के कामकाज को लेकर नाराजगी जताते हुए अविश्वास प्रस्ताव दिया है। कोचरी से सदस्य शीला पारगी ने अन्य सदस्यों के भी साथ होने का दावा किया है।

यह है सदस्यों का गणित

चीखली पंचायत समिति में 17 सदस्य है। जिसमें भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पास 12 सदस्यों के साथ बहुमत है। प्रधान शर्मिला भारत आदिवासी पार्टी की सदस्य है। ज्ञापन देने वाले सभी 6 सदस्य भी भारत आदिवासी पार्टी के है। पंचायत समिति में बीजेपी के 4 ओर कांग्रेस के 1 सदस्य है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए 2 तिहाई बहुमत की जरूरत है। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होने पर ये आंकड़ा जुटाना बीएपी के लिए भी मुश्किल रहेगा।

प्रधान पति ने बगावत कर लड़ा था चुनाव

चीखली प्रधान शर्मिला के पति बदामीलाल ताबियाड ने चौरासी विधानसभा उपचुनाव में बीएपी से बगावत की थी। बीएपी से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इसके बाद बीएपी ने बदामीलाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। ऐसे में 6 सदस्यों की नाराजगी व ज्ञापन देने को इसी से जोड़कर देखा जा रहा हैं।

राजनीतिक बदले की भावना

हमारे कार्यकाल के चार साल होने को है। अब तक कोई समस्या नहीं हुई। जानकारी मिली है कि 6 सदस्य जिला परिषद पहुंचे है। मेरे पति के निर्दलीय चुनाव लड़ने के बाद से यह सब हो रहा है। लेकिन हमारी ओर से चार वर्षों में सबको साथ लेकर काम किया गया है। लेकिन अब जो कुछ हो रहा है वो सब राजनीतिक बदले की भावना से किया जा रहा है।

शर्मिला ताबियाड़, प्रधान, चीखली

Updated on:
31 Dec 2024, 11:42 AM IST
Published on: