डूंगरपुर

Rajasthan Petrol Price : डूंगरपुर के गांवों में खुलेआम बिक रहा है 150 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल, जानें क्या है वजह?

Rajasthan Petrol Price : डूंगरपुर के ग्रामीण अंचलों में महंगाई की आड़ में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी का खेल चरम पर है। गांवों में पेट्रोल 150 रुपए लीटर खुलेआम बिक रहा है। जानें क्या है वजह?
2 min read
Rajasthan Dungarpur villages Petrol sold openly Rs 150 per litre Know what reason
डूंगरपुर. भण्ड़ारिया गांव के समीप दुकान में बिकता पेट्रोल, केन ले जाता युवक। फोटो पत्रिका

Rajasthan Petrol Price : डूंगरपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों महंगाई की आड़ में पेट्रोलियम पदार्थों की काला बाजारी का खेल चरम पर है। अति ज्वलनशील पदार्थों की श्रेणी में आने वाले पेट्रोल-डीजल को ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क किनारे बनी किराना दुकानों, चाय की थड़ी और अस्थायी केबिनों में खुलेआम बेचा जा रहा है। नियमों के मुताबिक पेट्रोल पंपों से कैन या बोतलों में ईधन देने पर सख्त प्रतिबंध है, लेकिन मुनाफाखोरी के आगे सारे नियम-कायदे हवा हो चुके हैं। चंद रुपयों के लालच में कुछ लोग झोपड़ियों और टीन शेड के नीचे पेट्रोल का स्टॉक रखकर अपनी और दूसरों की जिंदगी से सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण अब हर कुछ दूरी पर प्लास्टिक की केन लटकाए अवैध वेंडर्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

35 रुपए की सीधी चपत

डूंगरपुर जिले के गांवों में जहां वैध पेट्रोल पंप नहीं है, वहां दुकानदार केन में ईंधन भरकर सरेआम डिस्प्ले पर रख देते हैं। पंप से सामान्य दर पर पेट्रोल खरीदकर ग्रामीणों को 130 से 150 रुपए प्रति लीटर में बेचा जा रहा है। यानी सीधे तौर पर प्रति लीटर 30 से 35 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है।

उधर, गुजरात सीमा से सटे गांवों के दुकानदार केन भरकर पेट्रोल-डीजल ला रहे हैं। राजस्थान की तुलना में गुजरात में पेट्रोल की कीमत करीब 9 रुपए प्रति लीटर कम है। वहां से सस्ता ईंधन लाकर राजस्थान के गांवों में महंगे दामों पर बेचने से इन दुकानदारों का मुनाफा दोगुना हो जाता है।

अधिकारी गुजरते हैं, पर आंखें बंद

जिले के अधिकतर गांवों में चल रहे इन अवैध पेट्रोल बिक्री की जानकारी जिला प्रशासन और रसद विभाग को है। लगभग हर मुख्य ग्रामीण सड़क पर यह धंधा फल-फूल रहा है। इन रास्तों से प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां रोज गुजरती हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल रस्म अदायगी हो रही हैं। स्थिति यह हो चुकी है कि यदि ग्रामीण रूट पर किसी वाहन का ईंधन खत्म हो जाए, तो पेट्रोल पंप ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ती, चंद कदमों की दूरी पर ही महंगा लेकिन अवैध पेट्रोल मिल जाता है।

नियम कायदे ताक पर

इस खेल की जड़ में पेट्रोल पंपों की लापरवाही भी है। बढ़ती कालाबाजारी को देखते हुए प्रशासन ने सभी पंप संचालकों को सख्त हिदायत दी थी कि किसी भी सूरत में गाड़ियों के अलावा खुली केन, ड्रम या बोतलों में पेट्रोलियम पदार्थ नहीं भरा जाएगा। इसके बावजूद, नियमों को ठेंगा दिखाते हुए पंप संचालक बेरोकटोक केन भरकर दे रहे हैं, जिससे इस अवैध सप्लाई चेन को बढ़ावा मिल रहा है।

सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को किया जाएगा पाबंद

नियमानुसार पेट्रोल की बिक्री को लेकर सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को पाबंद किया जाएगा। गांवों में खुले में नियमों के परे बिक्री के मामले में टीम बनाकर जांच कार्रवाई की जाएगी।
महेश कुमार शर्मा, रसद अधिकारी डूंगरपुर

राजस्थान में 1 जून को पेट्रोल का औसत भाव

राजस्थान में आज 1 जून को पेट्रोल का औसत भाव ₹113.46 प्रति लीटर है, जबकि जयपुर में पेट्रोल की कीमत ₹112.76 प्रति लीटर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार और वैट दरों के अनुसार अलग-अलग जिलों में कीमतों में कुछ पैसे का अंतर होता है। वहीं श्रीगंगानगर में ₹114.15 प्रति लीटर, बाड़मेर में ₹114.15 प्रति लीटर, भरतपुर में ₹112.56 प्रति लीटर, भीलवाड़ा में ₹113.28 प्रति लीटर, बीकानेर में ₹114.14 प्रति लीटर और डूंगरपुर में 114.15 रुपए प्रति लीटर है।

Updated on:
01 Jun 2026 10:42 am
Published on:
01 Jun 2026 10:37 am