डूंगरपुर

Dungarpur Accident: ‘कफन’ खरीदने जा रहे दो युवकों के ऊपर से गुजर गई रोडवेज बस, मौके पर हुई मौत

Roadways Bus Accident: परिजन के अंतिम संस्कार के लिए कफन और क्रियाकर्म का सामान लेने निकले दो युवक खुद सड़क हादसे का शिकार हो गए। डूंगरपुर में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और सिर के ऊपर से पहिया गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
Jul 10, 2026
Dungarpur Accident
Dungarpur Accident: मृतक नरेश और गोपाल (फोटो-पत्रिका)

डूंगरपुर। जिले में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शोक में डूबे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक परिजन के अंतिम संस्कार के लिए कफन और अन्य क्रियाकर्म का सामान लेने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

हादसा शहर के शास्त्री कॉलोनी मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान खेरवाड़ा निवासी नरेश खटीक (29) और सलूंबर निवासी गोपाल खटीक (30) के रूप में हुई है। एक युवक परिवार का था, जबकि दूसरा युवक रिश्तेदार था। इंद्रखेत गांव में नरेश अपने बड़े पिता लक्ष्मण खटीक के निधन के बाद एक रिश्तेदार के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियों के लिए बाजार गया था।

गम में डूबे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों ने बताया कि दोनों युवक अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाले कफन और अन्य क्रियाकर्म का सामान लेने डूंगरपुर शहर पहुंचे थे। सामान लेकर वापस लौटते समय मेवाड़ फर्नीचर के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर खून बिखर गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

हादसे के बाद बस चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को दूसरी लेन से डायवर्ट कर जाम खुलवाया। एंबुलेंस की मदद से दोनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया गया।

यह वीडियो भी देखें :

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए

कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मृतक नरेश के पिता मणिलाल खटीक की रिपोर्ट पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

नरेश बीएससी की पढ़ाई पूरी किया था

परिजनों के अनुसार, नरेश बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता के साथ फल का ठेला लगाकर परिवार का सहारा बना हुआ था। परिवार पहले ही एक सदस्य के निधन से गमगीन था और अब इस हादसे ने मातम को और गहरा कर दिया। एक ही दिन में दो युवकों की मौत से इंद्रखेत, खेरवाड़ा और सलूंबर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

Updated on:
10 Jul 2026 06:35 pm
Published on:
10 Jul 2026 06:25 pm