
डूंगरपुर। राजस्थान-गुजरात सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बिछीवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बंद बॉडी कंटेनर को रोककर तलाशी ली तो उसमें फोम यानी स्पंज की आड़ में छिपाकर रखी गई हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने मौके से करीब 35 लाख रुपए कीमत की 260 कर्टन शराब बरामद करते हुए हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी मनीष कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन स्वच्छता के तहत अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमा रतनपुर बॉर्डर पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। बुधवार रात नेशनल हाईवे-48 पर रतनपुर चौकी के सामने उदयपुर से अहमदाबाद जाने वाली लेन पर पुलिस को एक बंद बॉडी कंटेनर के गुजरात की ओर जाने की सूचना मिली थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कंटेनर को रुकवाकर उसकी तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर फोम के कर्टन रखे हुए मिले। पुलिस को शक होने पर फोम के पीछे और गुप्त केबिन की जांच की गई। यहां छिपाकर रखे गए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 260 कर्टन बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब की यह खेप गुजरात ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को फोम के कर्टनों के पीछे छिपाया था। कंटेनर की बनावट और उसमें बनाए गए गुप्त स्थान से पुलिस को तस्करी के तरीके का भी पता चला।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक आरिफ पुत्र नजीर मेव, निवासी बावला, थाना ताउडू, जिला नूह, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कंटेनर को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब और बीयर की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपी से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई गई थी, गुजरात में किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है।