दुर्ग

मोबाइल बांटने अफसरों ने किया स्कूल में कब्जा, मजबूर शिक्षकों ने टेंट के नीचे बैठाकर बच्चों को पढ़ाया

स्कूल के बच्चों को हितग्राहियों के लिए स्कूल परिसर में लगाए गए टेंट में आश्रय लेना पड़ा। हितग्राहियों की आवाजाही के बीच शिक्षकों को पूरे दिन बच्चों को टेंट में ही पढ़ाना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 10:23 AM IST
patrika
मोबाइल बांटने अफसरों ने किया स्कूल में कब्जा, मजबूर शिक्षकों ने टेंट के नीचे बैठाकर बच्चों को पढ़ाया

दुर्ग. सरकारी मोबाइल बांटने के नाम पर निगम के अफसरों ने सोमवार को छात्रों को बेदखल कर स्कूल में ही कब्जा जमा लिया। जिसके कारण स्कूल के बच्चों को हितग्राहियों के लिए स्कूल परिसर में लगाए गए टेंट में आश्रय लेना पड़ा। हितग्राहियों की आवाजाही के बीच शिक्षकों को पूरे दिन बच्चों को टेंट में ही पढ़ाना पड़ा।

मामला नयापारा स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद स्कूल का है। यहां निगम प्रशासन द्वारा संचार क्रांति योजना के लिए मुफ्त मोबाइल वितरण के लिए केंद्र बनाया गया है। स्कूल के 3 कमरों को निगम के अफसरों ने अधिग्रहित कर लिया है। इन कमरों में मिडिल स्कूल के बच्चे बैठते है। सोमवार को इन कमरों में बच्चों को बैठने नहीं दिया गया। जिसके कारण शिक्षकों ने टेंट में ही क्लास लगाकर बच्चों को पढ़ाया।

शहर के इतिहास में पहली घटना
नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू ने बताया कि शहर के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है, जिसमें शासन की योजना के क्रियान्वयन के लिए बच्चों को स्कूल से बाहर निकाला जा रहा है। शिविर 21 अगस्त तक लगेगा। इतने दिनों तक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित रहेगी। विधायक अरूण वोरा ने बताया कि यह गंभीर मामला है। स्कूल के बजाए आसपास के दूसरे भवनों में शिविर लगाकर चाहिए था, लेकिन अफसरों ने बच्चों को ही बाहर निकाल दिया।

यहां पर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। इसकी उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। निगम आयुक्त लोकेश्वर साहू ने बताया कि गड़बड़ी तो हुई है,लेकिन इसे ठीक किया जा रहा है। मोबाइल वितरण का केंद्र पहले से तय है, इसकी सूचना प्रसारित की जा चुकी है। इसलिए तात्कालिक तौर पर हटाया नहीं गया। बच्चों की दूसरे भवन में व्यवस्था करा रहे।

पार्षद की आपत्ति भी दरकिनार
बच्चों को कक्षा में प्रवेश नहीं देने पर शिक्षकों ने इसकी जानकारी स्थानीय पार्षद व नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू को दी। पार्षद ने मौके पर जाकर आपत्ति की। अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। अफसरों का तर्क था कि शासन के निर्देश के मुताबिक केंद्र बदला नहीं जा सकता।

स्कूल में तीन ही कमरे हैं
चंद्रशेखर स्कूल में मिडिल स्कूल के केवल 3 ही कमरे हैं। शेष कमरों में हाईस्कूल व हायर सेकंडरी लगता है। छठवीं,सातवीं व आठवीं कक्षा के बच्चों को टेंट में पढ़ाई करना पड़ा।

Published on: