
नई दिल्ली। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार ( Foreign Exchange Reserves ) में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। खासकर कोरोना काल ( Coronavirus Era ) में यह इजाफा भारत के लिहाज में काफी अहम है। रिजर्व बैंक ( reserve bank of india ) के आंकड़ों के अनुसार भारत के फॉरेक्स रिजर्व ( Forex Reserve of India ) में लगातार तीसरे सप्ताह में बढ़ोतरी देखने को मिली है। जिसकी वजह से भारत ने एक नया रिकॉर्ड कायम कर लिया है। आपको बता दें कि 05 जून को भारत का फॉरेक्स रिजर्व 500 अरब डॉलर के पार पहुंचा था। आइए आपको भी बताते हैं कि भारत का फॉरेक्स रिजर्व किस स्तर पर पहुंच गया है।
रिकॉर्ड स्तर पर विदेशी मुद्रा भंडार
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 3.11 अरब डॉलर बढ़कर 516.36 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा का देश का भंडार लगातार तीसरे सप्ताह बढ़ा है। इससे पहले 03 जुलाई को समाप्त सप्ताह में यह 6.42 अरब डॉलर बढ़कर 513.25 अरब डॉलर रहा था। आपको बता दें कि 5 जून को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पहली बार 500 अरब डॉलर पहुंचा था। जिसके आंकड़ें 12 जून को रिजर्व बैंक की ओर से जारी हुए थे।
स्वर्ण भंडार में भी बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक द्वारा आज जारी आंकड़ों के अनुसार 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 2.37 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और सप्ताहांत पर यह 475.64 अरब डॉलर पर रहा। इस दौरान स्वर्ण भंडार भी 71.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 34.73 अरब डॉलर हो गया। आलोच्य सप्ताह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.55 अरब डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 50 लाख डॉलर की वृद्धि के साथ 1.45 अरब डॉलर पर पहुंच गया।