
नई दिल्ली। अमरीका की दिग्गज रिटेल कंपनी वॉलमार्ट ने कहा है कि वह कृषि क्षेत्र में अपनी पहलों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के केंद्र सरकार के लक्ष्य का समर्थन करेगी। वालमार्ट ने हाल ही में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म फ्लिपकार्ट की 77 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। कंपनी का कहना है कि बाजार में बहु स्तरीय मध्यस्थता व्यवस्था होने, बाजार तक अपर्याप्त पहुंच, कम उत्पादकता और अन्य कारणों से किसानों की आय प्रभावित होती है। सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है और वालमार्ट इस लक्ष्य की पूर्ति में योगदान के लिए प्रयासरत है।
ये भी पढ़ें--
किसानों से सीधी खरीद करेगी वॉलमार्ट
कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक वह किसानों और किसान उत्पादक संघों से सीधी खरीद, कृषि उपकरणों और बुनियादी ढांचों के आधनुकीकरण, उपभोक्ताओं की तरजीह की जानकारी देकर फसलों के रोपण और बड़े बाजार तक किसानों की पहुंच बनाकर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास करेगी। अनुमान के मुताबिक, इन फसलों से वित्त वर्ष 2028 तक किसानों की आय में साढ़े छह से सात अरब डॉलर तक इजाफा होगा। इसके अलावा वालमार्ट फांउडेशन भी कृषि आधारित परियोजनाओं में निवेश करती रहेगी।
ये भी पढ़ें--
उत्तर प्रदेश में 'सुनहरा प्रयास' परियोजना शुरू
कंपनी ने नवंबर 2017 में ही आंध्रप्रदेश में 20 लाख डॉलर का निवेश किया है। वालमार्ट ने देश में 80,000 किसानों की आय बढ़ाने की सफल पहल की है। आंध्रप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश में भी कंपनी की परियोजना पर काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश में आम और केले के उत्पादकों को लक्षित करके एक परियोजना 'सुनहरा प्रयास' शुरू की गई है। कंपनी ने तमिलनाडु के दो जिलों में भी करीब 1,200 महिलाओं के लिए सतत आर्थिक अवसर मुहैया कराने में मदद की है।