शिक्षा

IIT टॉपर्स फ्री में कर सकेंगे इंजीनियरिंग, चार साल तक मिलेगी स्कॉलरशिप, जानें डिटेल्स

IIT: इस स्कॉलरशिप के तहत छात्रों को चार वर्षीय बीटेक या बीएस कोर्स के लिए पूर्ण वित्तीय सहायता दी जाएगी। स्कॉलरशिप में न केवल ट्यूशन फीस बल्कि...

2 min read
Jun 06, 2025
Students(Symbolic Image-AI Generated)

IIT Kanpur ने एक बार फिर जेईई एडवांस्ड में टॉप 100 रैंक लाने वाले होनहार छात्रों के लिए 'Bright Minds Scholarship' के अंतर्गत एडमिशन लेने जा रही है। इस योजना के तहत चयनित छात्रों को B.Tech या BS कोर्स में एडमिशन लेने पर ट्यूशन फीस, हॉस्टल शुल्क, मेस खर्च, किताबें, स्वास्थ्य बीमा और अन्य जरूरी खर्चों के लिए हर साल लगभग 3 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।

IIT Kanpur दे रहा स्कॉलरशिप


यह लगातार पांचवां वर्ष है जब IIT Kanpur इस स्कॉलरशिप को प्रदान कर रहा है। वर्ष 2021 में इसकी शुरुआत आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र लोकवीर कपूर के सहयोग से हुई थी। इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य है कि JEE Advanced में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आर्थिक बाधाओं के बिना उच्च स्तरीय शिक्षा का अवसर दिया जा सके।

IIT Kanpur Scholarship: चार वर्षों तक पूरी पढ़ाई मुफ्त

इस स्कॉलरशिप के तहत छात्रों को चार वर्षीय बीटेक या बीएस कोर्स के लिए पूर्ण वित्तीय सहायता दी जाएगी। स्कॉलरशिप में न केवल ट्यूशन फीस बल्कि हॉस्टल, भोजन, किताबें और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं का खर्च भी शामिल है। संस्थान के अनुसार, एक छात्र पर बीटेक या बीएस की पढ़ाई के दौरान कुल खर्च लगभग 12 लाख रुपये आता है, जिसे यह स्कॉलरशिप कवर करती है।

IIT Kanpur: अन्य स्कॉलरशिप्स भी उपलब्ध

आईआईटी कानपुर में ब्राइट माइंड्स स्कॉलरशिप के अलावा और भी कई स्कॉलरशिप योजनाएं मौजूद हैं, जैसे इंस्पायर स्कॉलरशिप, डोनर स्कॉलरशिप, स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप और एक्सटर्नल फंडेड स्कॉलरशिप्स। इसके अतिरिक्त, अगर कोई छात्र 6.5 CPI या उससे अधिक बनाए रखता है तो उसकी ट्यूशन फीस माफ कर दी जाती है, और उसे 1000 रुपये प्रति माह पॉकेट मनी भी मिलती है।

टॉप रैंक लाने वाले छात्रों का झुकाव

हालांकि, पिछले साल टॉप-100 रैंक वाले छात्रों ने आईआईटी कानपुर में दाखिला नहीं लिया था। काउंसिलिंग के पहले राउंड में सबसे ऊंची रैंक 118 थी, जिसने इस संस्थान को अपनी प्राथमिकता दी थी। आईआईटी कानपुर को भारत सरकार की NIRF Ranking 2024 में इंजीनियरिंग कैटेगोरी में चौथा और ओवरऑल कैटेगरी में पांचवां स्थान हासिल हुआ है, जो इसे देश के शीर्ष संस्थानों में से एक बनाता है।

Also Read
View All

अगली खबर