रेल व्हील फैक्ट्री ने एक्ट अप्रेंटिस 2026 के तहत 192 पदों पर भर्ती निकाली है। 10वीं पास और ITI उम्मीदवार बिना लिखित परीक्षा आवेदन कर सकते हैं। चयन 10वीं मेरिट के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 10,899 से 12,261 रुपये तक स्टाइपेंड मिलेगा।
Railway Vacancy 2026: भारतीय रेलवे में नौकरी करना आज भी लाखों युवाओं का सपना है। खासकर उन अभ्यर्थियों के लिए जो 10वीं पास हैं और ITI कर चुके हैं, एक बढ़िया अवसर सामने आया है। रेल मंत्रालय के अधीन काम करने वाली रेल व्हील फै्ट्री (RWF) ने एक्ट अप्रेंटिस 2026 के तहत 192 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। अच्छी बात यह है कि चयन के लिए किसी लिखित परीक्षा की जरूरत नहीं होगी।
इस भर्ती के तहत अलग-अलग ट्रेड में पद तय किए गए हैं। फिटर के सबसे ज्यादा 85 पद हैं। इसके अलावा मशीनिस्ट के 31, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक के 22, CNC प्रोग्रामिंग कम ऑपरेटर के 23, इलेक्ट्रीशियन के 18, मैकेनिक मोटर व्हीकल के 8 और टर्नर के 5 पद शामिल हैं। अगर आपने इनमें से किसी ट्रेड में ITI किया है तो आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही NCVT से जारी नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) यानी संबंधित ट्रेड में ITI अनिवार्य है। उम्र की बात करें तो 1 मार्च 2026 तक उम्मीदवार की आयु 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। SC/ST को 5 साल और OBC को 3 साल की राहत मिलेगी। एक जरूरी शर्त यह भी है कि उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में रजिस्टर्ड होना चाहिए। कर्नाटक में रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। ध्यान रहे, इंजीनियरिंग ग्रेजुएट या डिप्लोमा धारक इस अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र नहीं हैं।
ट्रेनिंग के दौरान उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड दिया जाएगा। CNC प्रोग्रामिंग कम ऑपरेटर ट्रेड की ट्रेनिंग 6 महीने की होगी, जिसमें लगभग 10,899 रुपये प्रति माह मिलेंगे। बाकी सभी ट्रेड की ट्रेनिंग अवधि 1 साल तय की गई है। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को करीब 12,261 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा।
इस भर्ती की सबसे खास बात यही है कि कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से होगा। न्यूनतम 50% अंक जरूरी हैं। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान रहते हैं तो उम्र में बड़े अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। मेरिट में नाम आने के बाद डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।