
Punjab Election 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस छोड़कर अलग पार्टी बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस पर हमलावर नजर आए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी के साथ-साथ अपने धूर विरोध रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर भी जमकर निशाना साधा। अमरिंदर ने कहा कि, अब पंजाब को एक सुरक्षित सरकार की जरूरत है, जो कांग्रेस नहीं दे सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदरुनी कलह का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। यही नहीं सीमा पार से प्रदेश में आतंकवाद का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। बता दें कि अमरिंदर लगातार सिद्धू के पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर बयान देते रहे हैं। ऐसे में उन्होंने इशारों-इशारों में कहा है कि कांग्रेस की सरकार आती है तो प्रदेश की सुरक्षा को बड़ा खतरा हो सकता है।
कैप्टन अमिरंदर ने पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अपने तेवर और कड़े कर दिए हैं। सोमवार को एक बार फिर कैप्टन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अमरिंदर सिंह ने इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के टकराव पर भी चुटकी ली।
यह भी पढ़ें - Punjab Election 2022: बिक्रम मजीठिया के अलावा दो और वजह भी सिद्धू की जीत में बन सकती है बाधा
अमरिंदर सिंह ने कहा कि सभी जानते हैं कि चन्नी की लड़ाई सिद्धू के साथ है, तो वे लड़ते रहें। किसी को घबराहट होती है तभी वो और किसी सीट से लड़ता है। पंजाब को सुरक्षित सरकार की जरूरत है।
इसके साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि, कांग्रेस में सिद्धू की पॉजिशन कमजोर हो गई है। सिद्धू की जो स्थिति पहले थी वो अब नहीं रही है। अमरिंदर ने सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री बनना अलग बात है और मुख्यमंत्री बनना अलग। कैप्टन ने कहा कि एक मंत्रालय चलाना अलग है और सरकार चलाना अलग।
इसके साथ ही अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सीएम चन्नी की एक लिमिट है और वो उस लीमिट तक पहुंच चुके हैं। इससे आगे नहीं जा पाएंगे।
बता दें कि सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बरनाला के भदौड़ से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस के सत्ता में आने का दावा किया। उन्होंने भदौड़ से चुनाव लड़ने को लेकर अहम कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि ये इलाके पिछड़ा हुआ है, इसको ऊपर उठाना है। यही वजह है कि यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि चन्नी दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।