चुनाव

Assam Assembly Elections 2021: राहुल और प्रियंका चार दिन करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां, जानिए कांग्रेस के लिए क्यों है अहम

राहुल गांधी 19-20 तो प्रियंका गांधी 21-22 को असम में करेंगी चुनावी रैलियां

2 min read
Mar 19, 2021
राहुल और प्रियंका गांधी ( फाइल फोटो)

नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव ( Assam Assembly Elections 2021 ) के समर में शुक्रवार से राहुल गांधी मोर्चा संभालेंगे। असम में दो दिन में कांग्रेस सांसद ताबड़तोड़ रैलियों के जरिए जनता के बीच कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील करेंगे। वहीं राहुल के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी दो दिन के असम दौरे पर रहेंगी।

असम में सत्ता की चाबी हासिल करने में जुटी कांग्रेस के लिए राहुल और प्रियंका गांधी की रैली काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्योंकि अब तक बीजेपी के शीर्ष नेता लगातार यहां रैलियों के जरिए जनता के बीच जड़ जमाने की कोशिश कर चुके हैं।

वहीं बीजेपी के 15 सदस्यों को 6 साल के लिए निलंबित करने के बाद कांग्रेस के हाथ बड़ा मुद्दा लगा है। ऐसे में पार्टी के दोनों शीर्ष नेता राहुल और प्रियंका विरोधियों पर तीखा हमला बोल कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।

यही नहीं हाल में उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत के महिलाओं के पहनावे को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रियंका लगातार हमलावर हैं। उन्होंने अपने ट्वीटर पर भी इस मुद्दे को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर तंज कसा है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका के मुद्दों में बीजेपी नेताओं की ऐसी मानसिकता का एंगल भी हो सकता है।

राहुल गांधी असम में जहां 19 और 20 मार्च को रहेंगे, वहीं 21 और 22 मार्च को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मोर्चा संभालेंगी।

राहुल गांधी का दो दिवसीय असम दौरा शुक्रवार से शुरू हो रहा है। अपने इस चुनावी दौरे पर राहुल करीब तीन रैलियों के जरिए कांग्रेस को मजबूती देने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा राहुल छात्रों और चाय बागान कर्मियों से भी बात करेंगे। दोपहर में तिनसुकिया के डुमडूमा में राहुल की रैली है।

चाय बागन के श्रमिकों से मुलाकात
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुताबिक, राहुल गांधी 19 मार्च को सुबह 11.30 बजे डिब्रूगढ़ जिले के लाहोवाल में कॉलेज के छात्रों से रूबरू होंगे। जबकि शाम करीब चार बजे चबुआ में दिनोजी चाय एस्टेट में चाय बागान के श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे। ।

आपको बता दें कि 20 मार्च को वह जोरहाट जिले के मरियानी में और सोनितपुर जिले के गोहपुर में दो चुनाव प्रचार रैली को संबोधित करेंगे।

फरवरी में कर चुके दौरा
इससे पहले राहुल गांधी फरवरी के महीने में असम का दौरा कर चुके हैं। 14 फरवरी को वे असम के शिवसागर जिले में थे। राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी ने भी असम का दौरा किया था। प्रियंका इसी महीने यानी मार्च में ही असम के दौरे पर थीं।

1 और 2 मार्च को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने असम का दौरा किया और चाय बागान की महिला श्रमिकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों के साथ कई बैठकों में हिस्सा लिया। सोनितपुर के तेजपुर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया था।

Published on:
19 Mar 2021 09:01 am
Also Read
View All