
UP Assembly Elections Result 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सबसे ज्यादा चर्चित रही कुंडा सीट पर आखिरकार रघुराज प्रताप सिंह ने जीत दर्ज करा ली है। रघुराज प्रताप सिंह 42000 वोटों से विजय हुए हैं। रघुराज प्रताप सिंह की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने दो सीटों पर जीत दर्ज कराई है। कुंडा विधानसभा सीट पर खुद रघुराज प्रताप सिंह ने जीत दर्ज कराई है वहीं बाबागंज विधानसभा सीट भी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के खाते में गई है। बाबागंज की सीट जनसत्ता दल लोकतांत्रिक उम्मीदवार सरोज ने 21 हजार वोटों से जीत दर्ज कराई है।
काफी चर्चा में रही कुंडा सीट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कुंडा विधानसभा सीट काफी विवादों में रही। यहां पर समाजवादी पार्टी ने रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुलशन यादव को टिकट दिया। गुलशन यादव पहले रघुराज प्रताप सिंह के लिए काम किया करते था। समाजवादी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रहे गुलशन यादव ने चुनाव के दौरान रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद कुंडा का माहौल गरमा गया। हालांकि, रघुराज प्रताप सिंह ने गुलशन यादव के बयानों का जवाब नहीं दिया।
अखिलेश को रघुराज ने दिया था जवाब
गुलशन यादव के समर्थन में रैली करने पहुंचे अखिलेश यादव ने भी रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ तीखा बयान दिया। रघुराज प्रताप सिंह का नाम लिए बगैर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार कुंडा की जनता कुंडी लगा देगी। जिसका जवाब देते हुए रघुराज प्रताप सिंह ने कहा था कि ऐसा कोई माई का लाल नहीं है जो कुंडा में कुंडी लगा सके। इस समय रघुराज प्रताप सिंह ने ऐलान किया था कि वह समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने देंगे।