समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में आए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। सुभासपा ने सीतापुर से मनोज कुमार राजवंशी को टिकट दिया है। उन्हें मिश्रिख सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में आए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। सुभासपा ने सीतापुर से मनोज कुमार राजवंशी को टिकट दिया है। उन्हें मिश्रिख सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके अलावा बहराइच की बलहा सीट से ललित हरेंद्र को और हरदोई की संडीला सीट से सुनील अर्कवंशी को टिकट दिया है। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 39 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इस लिस्ट में सीतापुर की मिश्रिख सीट पर सपा ने अपना उम्मीदवार उतारा है। जबकि सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि हरदोई की संडीला और सीतापुर की मिश्रिख सीट उनके खाते में गई है।
सुभासपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव
सपा ने सुभासपा के दावे वाली सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। हरदोई की संडीला सीट पर अखिलेश ने मंच से रीता सिंह को प्रत्याशी बनाया था। लेकिन सुभासपा ने संडीला से सुनील अर्कवंशी को उम्मीदवार घोषित किया है। इसे लेकर ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि मिश्रिख सीट पर चुनाव सुभासपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मनोज राजवंशी सपा ने नेता हैं लेकिन सुभासपा के चुनाव चिन्ह पर ही लड़ेंगे। इसे लेकर सपा से बात हो चुकी है।
उधर, वाराणसी की शिवपुस सीट पर मुकाबला रोचक हो सकता है। यहां से सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मैदान में उतर सकते हैं, तो वहीं इसी सीट से योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर विधायक हैं। सुभासपा प्रवक्ता शशिप्रताप सिंह ने कहा कि सुभासपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष से शिवपुर सीट पर चुनाव लड़ने की मांग की है।