चुनाव

UP Assembly Election 2022: परिवारवाद, जातिवाद पर नहीं राष्ट्रवाद पर दें वोट – स्वतंत्र देव सिंह

स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को शाहजहांपुर जिले के पुवायां और तिलहर में जनसभा की तथा शाहजहांपुर में जनसम्पर्क किया। उन्होंने कहा क्षेत्रवाद, जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर विकास एवं राष्ट्रवाद के लिए वोट करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और योगी सरकार पूरे 5 साल आम जनता के साथ खड़ी रही।

2 min read
Feb 12, 2022
परिवारवाद, जातिवाद पर नहीं राष्ट्रवाद पर दें वोट - स्वतंत्र देव सिंह

UP Assembly Election 2022: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को शाहजहांपुर जिले के पुवायां और तिलहर में जनसभा की तथा शाहजहांपुर में जनसम्पर्क किया। उन्होंने कहा क्षेत्रवाद, जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर विकास एवं राष्ट्रवाद के लिए वोट करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और योगी सरकार पूरे 5 साल आम जनता के साथ खड़ी रही। कोरोना काल में भी किसी को भी भूखा नहीं सोना पड़ा। हर परिवार को मुफ्त राशन दिया गया, जो अभी भी जारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रात-रात जागकर लोगों की सेवा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। शिक्षा संस्थानों को अत्याधुनिक बनाया गया है। आयुष्मान कार्ड की बदौलत प्रदेशवासियों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद सभी गुंडे माफिया जेल पहुंचा दिए गए। उनकी अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति पर या तो बुलडोजर चलवा दिया गया या फिर जप्त कर ली गई। योगी सरकार में कानून व्यवस्था ऐसी है कि आधी रात में भी बेटियां घर से निकल सकती हैं। एंटी रोमियो अभियान चलाकर छेड़खानी करने वालों को जेल भेजा गया। मिशन शक्ति के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाया गया।

स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि आज किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल रहा है। चीनी मिलों पर बकाया किसानों का भुगतान कराया गया है। विभिन्न वैश्विक संगठनों ने उत्तर प्रदेश सरकार की ट्रेस, टेस्ट एवं ट्रीट नीति की प्रशंसा की है। प्रदेश में 33 नए मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं। अन्य जिलों में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना से 40 लाख से अधिक लोगों को आवास मुहैया कराया गया है। उज्जवला योजना से डेढ़ करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 90 लाख से अधिक वृद्धजन दिव्यांग और असहाय लोगों को पेंशन भी जा रही हैं। आयुष्मान योजना से 6 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। साढ़े तीन लाख लोगों को संविदा पर नौकरी दी गई। 25 लाख से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा किए गए। उन्होंने कहा कि जातिवादी और परिवारवादी लोगों को यह हजम नहीं हो रहा है, कि कैसे गरीब का बेटा जो धर्मशाला में रहता था लोगों को खाना बनाकर खिलाता था, वह देश का प्रधानमंत्री बन गया।

Published on:
12 Feb 2022 11:24 pm
Also Read
View All