Atum Vader देश की पहली कैफे रेसर इलेक्ट्रिक बाइक है, एक हाई-स्पीड मोटरसाइकिल के तौर पर इसकी कीमत को कंपनी ने काफी कम रखा है। इस बाइक को ग्राहक 999 रुपये जमा कर प्री-बुक कर सकते हैं।
देश में ऑटोमोबाइल बाजार तेजी से इलेक्ट्रिफाइड हो रहा है, इलेक्ट्रिक स्कूटरों के साथ ही बाइक्स की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। अब हैदराबाद बेस्ड इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनीAtumobile ने घरेलू बाजार में अपनी पहली हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Atum Vader को लॉन्च किया है।
एक कैफे-रेसर के तौर पर पेश की गई इस इलेक्ट्रिक बाइक की कीमत महज 99,999 रुपये तय की गई है, जो कि बाजार में कई इलेक्ट्रिक बाइक्स के मुकाबले काफी किफायती है। इच्छुक ग्राहक इस बाइक को महज 999 रुपये की राशि जमा कर प्री-बुक कर सकते हैं, इसे कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी प्री-बुक किया जा सकता है।
कंपनी ने Atum Vader इलेक्ट्रिक बाइक को इंट्रोडक्ट्री प्राइस के साथ पेश किया है और शुरुआत के 1000 ग्राहकों को इस कीमत पर बाइक बेची जाएगी। इसके बाद संभावना है कि कंपनी इसकी कीमत में इजाफा कर दे। हालांकि इसके बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
यह भी पढें: नई Maruti Brezza के ये फीचर्स बना देंगे दीवाना, देखें लिस्ट
कंपनी ने हाल ही में Atum Vader को ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की मंजूरी की घोषणा की थी। बाजार में केवल कुछ ही इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल जो कि ARAI अप्रूव्ड हैं और वेडार उनमें से एक है। इससे पहले कंपनी ने अक्टूबर 2020 में अपनी Atum 1.0 को लॉन्च किया था, जो कि एक लो-स्पीड बाइक है। कंपनी अब तक अपने इलेक्ट्रिक लो-स्पीड कैफे रेसर की 1,000+ यूनिट बेच चुकी है।
कैसी है नई Atum Vader इलेक्ट्रिक बाइक:
कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक बाइक में 2.4 kWh की क्षमता का बैटरी पैक इस्तेमाल किया है जो कि सिंगल चार्ज में 100 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देता है। इसका इलेक्ट्रिक मोटर अधिकतम 65 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से दौड़ सकता है। कंपनी का दावा है कि इस बाइक को मजबूत ट्यूबलर चेसिस पर बनाया गया है, और इसमें एलईडी इंडिकेटर्स और टेल लैंप दिए गए हैं। इस बाइक में आपको 14 लीटर का स्टोरेज स्पेस भी मिलता है।
इस इलेक्ट्रिक बाइक में सिंगल पीस सीट के साथ चेचिस पर टैंक के नीचे ही बैटरी को जगह दी गई है। ये बाइक कुल पांच रंगों में बिक्री के लिए उपलब्ध है, जिसमें रेड, ब्लैक, व्हाइट, ब्लू और स्टील-ग्रे कलर शामिल है। स्पोक व्हील वाले इस बाइक को में कलर केवल टैंक का ही बदलेगा, बाकी पूरी बॉडी ब्लैक कलर की ही रहेगी। हालांकि जब आप इस बाइक को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक करेंगे तो इसके बुकिंग अमाउंट (999 रुपये) में ट्रांजेक्शन चार्ज शामिल होने के बाद ये अमाउंट 1023 रुपये हो जाता है।