मनोरंजन

टीचर्स डे पर नहीं री-रिलीज होगी 3 Idiots, NEET पेपर लीक के हंगामे के बीच मेकर्स ने खबरों को बताया झूठा

3 Idiots Re-Release in Theatres: फिल्म 3 इडियट्स को लेकर पिछले काफी दिनों से खबरें आ रही हैं कि फिल्म फिर से सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। अब मेकर्स ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
2 min read
Jul 22, 2026
3 Idiots Re-Release in Theatres
थिएटर्स में फिर नहीं रिलीज होगी 3 इडियट्स ( फोटो सोर्स- ANI)

3 Idiots Re-Release in Theatres: आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी स्टारर फिल्म '3 इडियट्स' एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से ये दावा किया जा रहा था कि साल 2009 की ये ब्लॉकबस्टर फिल्म 4 सितंबर को टीचर्स डे के मौके पर दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

छात्र आंदोलन और फिल्म को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ये खबर तेजी से वायरल हो गई। हालांकि अब फिल्म के निर्माताओं ने इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।

मेकर्स ने बताया वायरल खबर को गलत

फिल्म के प्रोडक्शन हाउस विदु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर साफ किया कि '3 इडियट्स' की री-रिलीज को लेकर चल रही खबरें पूरी तरह गलत और तथ्यहीन हैं। कंपनी ने कहा कि 4 सितंबर को फिल्म दोबारा रिलीज होने की कोई योजना नहीं है। साथ ही मीडिया और दर्शकों से अपील की गई कि वे केवल उनके आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर साझा की गई जानकारी पर ही भरोसा करें।

क्यों तेज हुई थीं चर्चाएं?

हाल ही में सोशल मीडिया पर '3 इडियट्स' को लेकर बहिष्कार की मांग भी ट्रेंड कर रही थी। इसी दौरान यह खबर सामने आई कि फिल्म को दोबारा रिलीज किया जाएगा। दूसरी ओर, आमिर खान के उस बयान ने भी बहस को और हवा दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि '3 इडियट्स' का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था।

सोनम वांगचुक पर क्या बोले थे आमिर खान?

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान आमिर खान ने कहा था कि जब फिल्म बनाई जा रही थी, तब वह सोनम वांगचुक को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी ने भी उस समय सोनम वांगचुक को आधार बनाकर कहानी नहीं लिखी थी। हालांकि आमिर ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए बेहतरीन काम कर रहे हैं और उनके कार्यों का सम्मान किया जाना चाहिए।

आज भी दर्शकों की पसंद है '3 इडियट्स'

राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी '3 इडियट्स' भारतीय शिक्षा व्यवस्था की कमियों पर आधारित एक ऐसी फिल्म है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा था। फिल्म में करीना कपूर खान, बोमन ईरानी और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। रिलीज के कई साल बाद भी यह फिल्म दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है, लेकिन फिलहाल इसके दोबारा सिनेमाघरों में आने की खबर सिर्फ अफवाह साबित हुई है।

Updated on:
22 Jul 2026 01:39 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:39 pm