मनोरंजन

केतन अग्रवाल मर्डर केस पर फूटा अभिनेत्री आंचल खुराना का गुस्सा, गर्लफ्रेंड सिया को लेकर बोलीं- शादी नहीं करनी थी तो बता देती

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस पुरे मामले पर अब अभिनेत्री आंचल खुराना का गुस्सा फूट पड़ा है।
2 min read
Jun 24, 2026
Ketan Agarwal Murder Case
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- एक्स)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के लोहगढ़ किले में कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखने वाले 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। जिस घटना को पहले एक हादसा माना जा रहा था, वो अब पुलिस जांच में कथित तौर पर एक सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आई है। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी बीच टीवी अभिनेत्री आंचल खुराना ने इस पूरे मामले पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है और समाज में बढ़ती हिंसक मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।

अभिनेत्री का पूरे मामले पर फूटा गुस्सा

आंचल खुराना ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर किसी लड़की को शादी स्वीकार नहीं थी, तो उसके पास साफ-साफ इनकार करने का विकल्प था। परिवार से बात की जा सकती थी, रिश्ते को खत्म किया जा सकता था, लेकिन किसी इंसान की जान लेना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं कहा जा सकता। अभिनेत्री ने कहा कि यह मामला पुरुष या महिला का नहीं है, बल्कि इंसानियत और नैतिकता का है।

'जान लेने का हक किसी को भी नहीं'

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को आखिर क्या हो गया है कि लोग रिश्ते खत्म करने के बजाय हत्या जैसे खौफनाक रास्ते चुनने लगे हैं। आंचल ने कहा कि किसी के खिलाफ अत्याचार न पुरुषों पर होना चाहिए और न ही महिलाओं पर। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कुछ लोग अपने परिवार के सामने अपनी बात रखने का साहस नहीं जुटा पाते, लेकिन किसी की हत्या करने जैसा कदम उठा लेते हैं।

हालांकि, अपने गुस्से में अभिनेत्री ने आरोपियों के लिए बेहद कड़ी सजा की बात भी कही और कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में एक मजबूत संदेश जाए। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है।

18 जून को केतन को मारा गया धक्का

दरअसल, पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल की मौत कोई साधारण दुर्घटना नहीं थी। पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर घूमने के दौरान केतन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया था। शुरुआत में इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बताया गया, लेकिन बाद में तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच की दिशा बदल गई।

पुलिस का दावा है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच करीब एक साल से संबंध थे और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर इस वारदात की साजिश रची थी। जांच के दौरान ये भी सामने आया कि इससे पहले भी कथित रूप से केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, आंचल खुराना का बयान एक बार फिर इस सवाल को सामने ला रहा है कि क्या रिश्तों में मतभेद का समाधान हिंसा हो सकता है, या समाज को संवाद और समझदारी की तरफ लौटने की जरूरत है।

Published on:
24 Jun 2026 07:56 am