मनोरंजन

चिराग पासवान संग शादी की अफवाहों के बीच IFFI 2026 में पहुंचीं आरुषि निशंक, उत्तराखंड की फिल्म पॉलिसी पर रखी बात

Chirag Paswan-Arushi Nishank Wedding Rumours: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ शादी की अफवाहें उड़ने को लेकर आरुषि निशंक की सफाई के बीच गोवा फिल्म फेस्टिवल से उनकी तस्वीरें और वीडियोज वायरल हो रहे हैं। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 12:40 PM IST
Chirag Paswan-Arushi Nishank Wedding Rumours
आरुषि निशंक-चिराग पासवान (फोटो सोर्स- Instagram/arushi.nishank)

Chirag Paswan-Arushi Nishank Wedding Rumours: अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक इन दिनों गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) में अपनी मौजूदगी को लेकर चर्चा में हैं। महोत्सव के दौरान उन्होंने उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर बात की। आरुषि ने राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। हालांकि, आरुषि का नाम इन दिनों केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से जुड़ने के चलते भी काफी चर्चाओं में है। साल 2024 में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं जो इन दिनों वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों के बाद दोनों की शादी और रिश्ते को लेकर अफवाहें फैलने लगी। हालांकि अब आरुषि ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी है।

IFFI 2026 में उत्तराखंड की फिल्म पॉलिसी पर की बात

गोवा में आयोजित IFFI 2026 के दौरान वेव्स फिल्म बाजार में 'डेस्टिनेशन उत्तराखंड: जहां प्रकृति और सिनेमा का जादुई मेल होता है' विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर चर्चा हुई। इस सत्र में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, फिल्म निर्माता राम रेड्डी और अभिनेत्री-निर्माता आरुषि निशंक शामिल हुईं।

चर्चा के दौरान केएस चौहान ने उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टेलीविजन धारावाहिकों के लिए राज्य में अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और शूटिंग की अनुमति लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी जोर दिया गया।

आरुषि निशंक ने उत्तराखंड में फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने की जरूरत बताई। उन्होंने अपनी वेब सीरीज 'लाइफ हिल गई' का उदाहरण भी दिया, जिसकी कहानी उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित है और जिसे जियोहॉटस्टार के लिए बनाया गया था। उनके मुताबिक, राज्य में शूटिंग से जुड़ी सुविधाएं बढ़ने से ज्यादा फिल्म निर्माता यहां आने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

'द बैटल ऑफ शत्रुघाट' में दिखेगा आरुषि का योद्धा अवतार

IFFI के दौरान आरुषि निशंक ने अपनी आने वाली फिल्म 'द बैटल ऑफ शत्रुघाट' को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने फिल्म में अपने योद्धा वाले किरदार और उसकी तैयारी के बारे में बताया। इस भूमिका के लिए उन्होंने जापान में समुराई ट्रेनिंग ली है। फिल्म में उनका यह अंदाज दर्शकों के लिए नया हो सकता है। महोत्सव के उद्घाटन समारोह के साथ-साथ वह फिल्म बाजार और वहां आयोजित विभिन्न गतिविधियों में भी नजर आईं।

चिराग पासवान के साथ तस्वीरें वायरल होने के बाद उड़ी थी शादी की अफवाह

साल 2024 में आरुषि की चिराग पासवान के साथ कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। ये तस्वीरें चिराग के आवास पर हुई मुलाकात से जुड़ी थीं। अब तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें लगने लगीं। कुछ लोगों ने तो उनकी शादी की खबरें तक फैलानी शुरू कर दीं।

दरअसल, आरुषि चिराग पासवान से मिलने गई थीं और उन्हें एक किताब भेंट की थी। लेकिन सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को लेकर अलग-अलग तरह की बातें होने लगीं। शादी की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरुषि ने साफ किया था कि चिराग उनके बहुत अच्छे मित्र हैं। वह उन्हें बधाई देने के लिए किताब देने गई थीं, लेकिन लोगों ने उस किताब को ही शादी का कार्ड समझ लिया।

आरुषि ने रिश्ते और शादी से जुड़ी खबरों को गलत और बेबुनियाद बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को कई बार इस तरह की गलतफहमियों और सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। उनके मुताबिक, किसी भी मुलाकात को लेकर लोग अपने हिसाब से मतलब निकाल लेते हैं।

कौन हैं आरुषि निशंक?

आरुषि निशंक अभिनेत्री, फिल्म निर्माता और प्रशिक्षित कथक डांसर हैं। वो पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी हैं। वह 'वफा न रास आई' जैसे म्यूजिक वीडियो और 'लाइफ हिल गई' वेब सीरीज से भी जुड़ी रही हैं। अब IFFI 2026 में उत्तराखंड के फिल्म निर्माण क्षेत्र को लेकर उनकी भागीदारी और आने वाली फिल्म 'द बैटल ऑफ शत्रुघाट' को लेकर उनकी चर्चा हो रही है।

Updated on:
26 Nov 2026, 12:40 PM IST
Published on: