
Abhishek Malhan On Farhana Bhatt: रियलिटी शो 'एमटीवी रोडीज' के नए सीजन 'रोडीज रिबर्थ' (सीजन 21) को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। शो के ऑन-एयर होने से पहले ही एक बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया स्टार और यूट्यूबर अभिषेक मलहान उर्फ 'फुकरा इंसान' ने खुलासा किया है कि फरहाना भट्ट इस सीजन में बतौर गैंग लीडर शामिल होने वाली थीं, लेकिन शो शुरू होने से एक दिन पहले उन्होंने शो का ऑफर ठुकरा दिया। इसकी वजह अभिषेक ने फरहाना की हेल्थ इश्यूज बताई।
अभिषेक मलहान ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया था जिसमें उन्होंने टीवी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी फरहाना भट्ट के शो छोड़ने पर निराशा जताई है। अभिषेक ने बताया कि वह फरहाना के साथ काम करने और एक ही टीम में रहने को लेकर बेहद उत्साहित थे।
अभिषेक ने वीडियो में कहा, "मैं फरहाना को लेकर काफी एक्साइटेड था क्योंकि वो भी रोडीज रिबर्थ में गैंग लीडर बनने वाली थी। मैंने उससे कहा भी था- 'फरहाना, हम दोनों मिल के आग लगा देंगे। तू मेरी टीम में आएगी और हम सबकी ऐसी-तैसी करेंगे।' लेकिन शूटिंग शुरू होने से ठीक एक रात पहले, उसकी मेडिकल कंडीशन की वजह से उसे यह फैसला वापस लेना पड़ा।"
अभिषेक के इस बयान के बाद फरहाना भट्ट ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर रोडीज में हिस्सा न लेने की वजह साफ की। फरहाना ने बताया किया कि 'खतरों के खिलाड़ी' में अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता का 100% देने के बाद उनका शरीर अब किसी भी नए एडवेंचर आधारित शो के लिए तैयार नहीं था।
फरहाना ने लिखा, "उन सभी फैंस के लिए एक छोटा सा क्लैरिफिकेशन जो मुझसे रोडीज के बारे में लगातार पूछ रहे हैं। जी नहीं, मैं रोडीज के इस सीजन में गैंग लीडर नहीं बन रही हूं। 'खतरों के खिलाड़ी' में अपना सब कुछ झोंकने के बाद मैंने फिजिकली चैलेंजिंग और स्टंट-बेस्ड शो से थोड़ा ब्रेक लेने का फैसला किया है ताकि मैं अपनी सेहत पर ध्यान दे सकूं।"
फरहाना के हटने के बाद अब 'रोडीज रिबर्थ' का फाइनल 6- सदस्यीय पैनल तय हो चुका है। इस बार गैंग लीडर्स की कुर्सी पर निखिल चिनप्पा, नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला, बानी जे, बसीर अली और खुद अभिषेक मलहान नजर आएंगे। वहीं, शो के आइकॉनिक होस्ट रणविजय सिंह एक बार फिर से ग्रैंड वापसी कर रहे हैं। फिलहाल देश भर में शो के ऑडिशन चल रहे हैं और जल्द ही ऑन-एयर डेट की घोषणा की जाएगी