
Shashwat Sachdev Recalls First Meeting Aditya Dhar: 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' के जबरदस्त बैकग्राउंड स्कोर से घर-घर में फेमस हुए म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव ने हाल ही में एक बातचीत में आदित्य धर के साथ अपने सफर और फिल्म की कहानी के बारे में कई दिलचस्प बातें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि 2016 में हुई पहली मुलाकात से लेकर 'धुरंधर' के दो हिस्सों की यात्रा तक का ये सफर कितना प्रेरणादायक रहा।
शाश्वत सचदेव ने एक इवेंट में बताया कि 2016 में जब वो पहली बार आदित्य धर से मिले तो जिस बात ने तुरंत प्रभावित किया वो था उनका पक्का इरादा। उन्हें हमेशा इस बात की पूरी स्पष्टता रहती है कि वो क्या कहना चाहते हैं और क्यों। इसके साथ ही, शाश्वत ने एक बात कही, "जब लोग सफल फिल्मकार को देखते हैं तो उन्हें आत्मविश्वास दिखता है। जो नहीं दिखता वो है उसके पीछे सालों का जुनून, तैयारी और त्याग।"
इतना ही नहीं, शाश्वत सचदेव ने बताया कि जैसे-जैसे प्रोजेक्ट बड़ा होता जाता है कभी-कभी उसका स्केल उसके पीछे के इंसान को छिपा देता है, लेकिन 'धुरंधर' के दौरान उन्हें वही भूख, इंटेंसिटी और भावनात्मक निवेश दिखा जो आदित्य में शुरुआत में भी था। उन्होंने कहा कि हर महान रचनात्मक सफर के केंद्र में एक ऐसा इंसान होता है जो अभी भी गहराई से सोचता है।
शाश्वत सचदेव ने आगे बताया कि उन्हें अक्टूबर की शुरुआत में पता चला कि फिल्म एक फ्रेंचाइजी बन रही है। उनका रिएक्शन नॉर्मल था अगर कहानी को और जगह मिलनी चाहिए थी तो ये जश्न मनाने की बात है। बता दें, 'धुरंधर 2' हिंदी सिनेमा की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। इसकी सफलता में शाश्वत सचदेव के बैकग्राउंड स्कोर की अहम भूमिका रही जिसने हर सीन को और असरदार बना दिया। फिल्म अभी JioHotstar पर स्ट्रीम हो रही है। शाश्वत सचदेव और आदित्य धर की ये जोड़ी बताती है कि जब एक दमदार कंपोजर और एक जुनूनी फिल्ममेकर साथ आते हैं तो इतिहास रच देते हैं और ये धुरंधर' के OTT पर आने की वजह से ट्रेंड कर रही है।