
Shah Rukh Khan Viral Post On CJP Protest: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान सोशल मीडिया पर भले ही कम सक्रिय रहते हों, लेकिन जब भी किसी बड़े सामाजिक या राष्ट्रीय मुद्दे पर चर्चा होती है तो फैंस उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार जरूर करते हैं। इन दिनों CJP के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
सलमान खान, आलिया भट्ट, करीना कपूर, इमरान खान और शबाना आजमी समेत कई फिल्मी सितारों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, जिसे शाहरुख खान का आधिकारिक बयान बताया गया।
वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि शाहरुख खान ने छात्रों के समर्थन में लंबा संदेश लिखा है। पोस्ट में छात्रों की मेहनत, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण आंदोलन की बात कही गई थी। साथ ही ये भी लिखा गया था कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठानी चाहिए। इस कथित संदेश को देखते ही हजारों लोगों ने इसे सच मान लिया और सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया।
हालांकि जब इस पोस्ट की पड़ताल की गई तो मामला कुछ और ही निकला। शाहरुख खान के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद नहीं मिला। यानी जिस स्क्रीनशॉट को अभिनेता का बयान बताया जा रहा था, वह पूरी तरह फर्जी निकला।
फैक्ट चेक के बाद साफ हो गया कि शाहरुख खान ने अब तक CJP आंदोलन या छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट एडिट किया गया था, जिसे कुछ लोगों ने असली समझकर शेयर कर दिया।
जैसे ही यह जानकारी सामने आई कि स्क्रीनशॉट फर्जी है, शाहरुख खान के कई प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी पोस्ट पर भरोसा न करें। कई यूजर्स ने फर्जी स्क्रीनशॉट शेयर करने वालों की आलोचना करते हुए कहा कि किसी सेलिब्रिटी के नाम से झूठी बातें फैलाना गलत है।
दरअसल, हाल के दिनों में कई बॉलीवुड सितारे CJP आंदोलन और छात्रों के मुद्दे पर खुलकर बोल चुके हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या शाहरुख खान भी अपनी राय रखेंगे। इसी बीच फर्जी स्क्रीनशॉट वायरल होने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।