
Ajay Devgn Chauhan look compared with Ranveer Singh: बॉलीवुड में इन दिनों ऐतिहासिक और पीरियड फिल्मों का दौर लगातार होता दिख रहा है। बता दें, बड़े बजट, विशाल सेट, दमदार विजुअल्स और शाही अंदाज वाले किरदार दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। इसी बीच अजय देवगन की अपकमिंग फिल्म 'चौहान' का टाइटल अनाउंसमेंट सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा ने रफ्तार पकड़ी। फिल्म की पहली झलक में अजय देवगन एक दमदार योद्धा के अवतार में नजर आ रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही एक नई बहस भी शुरू हो गई है।
इस पर कई सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि हाल के सालों में बनने वाली अधिकांश पीरियड फिल्मों में मुख्य किरदारों का लुक और प्रस्तुति कहीं ने कहीं रणवीर सिंह की फिल्मों की याद दिलाती है। तो यही वजह है कि 'चौहान' के शुरुआती पोस्टर और टीजर को लेकर भी कुछ लोगों ने इसी तरह की तुलना शुरू कर दी और उनका कहना है कि हर कोई रणवीर सिंह बनने निकला है। हालांकि, ये सिर्फ दर्शकों की प्रतिक्रियाएं हैं और फिल्म के निर्माताओं ने इस तरह की किसी तुलना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
फिल्म 'चौहान' का टाइटल अनाउंसमेंट वीरता, स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासत को बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतारने का संकेत देता है। अजय देवगन का गंभीर और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस इस प्रोजेक्ट को और भी खास बनाता है। पहली झलक से साफ है कि फिल्म को भव्य पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसमें एक बड़े सिनेमाई अनुभव का वादा किया गया है।
बता दें, फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और आनंद एल राय के बैनर तले किया जा रहा है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी नीरज यादव संभाल रहे हैं। फिल्म 2027 में थिएटर में रिलीज होने वाली है। रिलीज में अभी समय है, लेकिन टाइटल अनाउंसमेंट ने ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
अब ये देखना मजेदार होगा कि 'चौहान' सिर्फ अपने भव्य विजुअल्स की वजह से चर्चा बटोरती है और फिर अपनी कहानी, किरदारों और प्रस्तुति से पीरियड फिल्मों को एक नया आयाम देती है। फिलहाल इतना तय है कि पहली झलक ने फिल्म को रिलीज से काफी पहले ही सुर्खियों में ला दिया है और दर्शकों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं।