मनोरंजन

लड़के से लड़की बनीं अनाया बांगर का जेंडर चेंज के बाद हुई जांच पर खुलासा, बोलीं- बहुत असुरक्षित महसूस कर रही हूं

Anaya Bangar In Pain: इन्फ्लुएंसर अनाया बांगर ने हाल ही में जेंडर चेंज की सर्जरी के बाद अपनी जांच को लेकर हैरान कर देने वाला खुलासा किया है।
2 min read
Jul 04, 2026
Anaya Bangar Gender Affirming Surgery
Anaya Bangar Gender Affirming Surgery (सोर्स- @anayabangar)

Anaya Bangar Gender Affirming Surgery: हाल ही में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करा चुकीं अनाया बांगर ने एक वीडियो शेयर कर अपनी कानूनी पहचान से जुड़ी प्रक्रिया के दौरान हुए अनुभव को सार्वजनिक किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि हाल में लागू ट्रांस बिल के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में मेडिकल पैनल के सामने पेश होना पड़ा, जहां उन्हें अपनी पूरी शारीरिक जांच करानी पड़ी। अनाया ने इस पूरी प्रक्रिया को मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद कठिन बताया।

कपड़े उतारने के लिए कहा गया- अनाया

वीडियो में अनाया ने कहा कि उन्हें सरकारी अस्पताल में मौजूद मेडिकल पैनल के सामने अपने कपड़े उतारने के लिए कहा गया, जिसमें पुरुष डॉक्टर भी शामिल थे। उनके मुताबिक, कमरे में कई डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें पुरुष डॉक्टर भी शामिल थे। इसके अलावा उनकी एक इनवेसिव गायनेकोलॉजिकल जांच भी की गई, जिसे उन्होंने बेहद असहज अनुभव बताया।

पहचान साबित करने पर छलका दर्द

अनाया ने कहा कि उस समय उनके मन में लगातार एक ही सवाल उठ रहा था कि आखिर उन्हें अपनी पहचान साबित करने के लिए अपने शरीर को इस तरह क्यों साबित करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि कागजों पर अपनी पहचान दर्ज कराने के लिए इस तरह की प्रक्रिया से गुजरना उन्हें अंदर तक झकझोर गया।

उन्होंने आगे बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान वो खुद को बेहद असुरक्षित, असहाय और उजागर महसूस कर रही थीं। उनके मुताबिक यह अनुभव केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी बेहद चुनौतीपूर्ण था।

कानूनी पहचान हासिल करने की प्रकिया

अनाया ने ये भी कहा कि उन्होंने अपना अनुभव इसलिए शेयर किया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को यह समझ में आ सके कि कानूनी पहचान हासिल करने की प्रक्रिया में किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। उनका मानना है कि किसी भी व्यक्ति की कानूनी पहचान का सम्मान उसकी गरिमा और सम्मान के साथ किया जाना चाहिए।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई यूजर्स ने अनाया के अनुभव पर संवेदना जताई और कहा कि पहचान से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं में व्यक्ति की निजता और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने इस विषय पर व्यापक स्तर पर बहस की जरूरत भी बताई।

Updated on:
04 Jul 2026 09:00 pm
Published on:
04 Jul 2026 09:00 pm