मनोरंजन

4000 करोड़ की ‘रामायण’ पर अन्नू कपूर की राय, बोले- तकनीक बदलेगी, कहानी नहीं, साई पल्लवी की कास्टिंग पर उठाए सवाल

Annu Kapoor On Sai Pallavi Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर अभिनेता अन्नू कपूर ने साई पल्लवी की सीता के रूप में कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक किरदारों के चयन में अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही उनका मानना है कि यह फिल्म तकनीकी रूप से रमनंद सागर की रामायण का बड़ा संस्करण हो सकती है।
2 min read
Jul 19, 2026
annu kapoor questions sai pallavi casting in nitesh tiwari ramayana
रामायण पर फिर छिड़ी बहस: साई पल्लवी की कास्टिंग पर अन्नू उठाए सवाल। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Annu Kapoor On Sai Pallavi: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' अपने पहले ग्लिम्प्स के रिलीज होने के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। हालांकि, फिल्म को लेकर समय-समय पर विवाद भी सामने आते रहे हैं। अब अभिनेता अन्नू कपूर ने फिल्म में साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में कास्ट किए जाने पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उन्होंने फिल्म के प्रस्तुतीकरण को लेकर भी अपनी राय रखी है।

साई पल्लवी की कास्टिंग पर जताई आपत्ति

एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान अन्नू कपूर ने फिल्म को लेकर अपनी शंका जाहिर की। उन्होंने यह भी पूछा कि फिल्म इस समय किस चरण में है और क्या यह रिलीज हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने साई पल्लवी को माता सीता की भूमिका में लिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले किरदारों के चयन में फिल्म निर्माताओं को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।

उन्होंने कहा, "आपको यह समझना होगा कि आपने सीता के किरदार के लिए किसे चुना है। माता सीता की पूजा मां के रूप में की जाती है। इस देश में भगवान राम को भगवान नारायण का अवतार माना जाता है। कास्टिंग काफी सवाल खड़े करती है। पहले फिल्म रिलीज होने दीजिए।"

'रमनंद सागर की रामायण का ही बड़ा संस्करण होगी'

अन्नू कपूर ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि फिल्म कहानी के स्तर पर कुछ बिल्कुल नया पेश करेगी। उनके मुताबिक, यह रमनंद सागर की चर्चित 'रामायण' का तकनीकी रूप से ज्यादा आधुनिक और बड़े पैमाने पर तैयार किया गया संस्करण हो सकता है। उन्होंने कहा, "जो भी बनाएंगे, वह तकनीक के स्तर पर रमनंद सागर की रामायण को अपग्रेड करेंगे और शायद उसका स्केल बड़ा होगा। आपको क्या लगता है कि वे इससे अलग क्या बनाएंगे?"

फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे

नितेश तिवारी की 'रामायण' में भारतीय सिनेमा के कई बड़े कलाकार शामिल हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं और सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभाएंगे। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे और मोहित रैना भी फिल्म का हिस्सा हैं।

सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में होगी प्रस्तुति

फिल्म 23 जुलाई को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में भी प्रस्तुत की जाएगी। यह प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन में प्रदर्शित होने वाली 'कल्कि 2898 एडी' के बाद दूसरी भारतीय फिल्म होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस विशेष प्रस्तुति में रणबीर कपूर, यश और निर्माता नमित मल्होत्रा मौजूद रह सकते हैं।

कॉमिक-कॉन के आधिकारिक विवरण में कहा गया है कि यह कहानी ऐसे समय की है, जब देवताओं और राजाओं के युग में दुनिया का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। कर्तव्य, त्याग और लोककल्याण के मार्ग पर चलने वाले राजकुमार राम का सामना रावण से होता है, जो अहंकार और प्रतिशोध से प्रेरित एक शक्तिशाली शासक है।

4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही फिल्म

रिपोर्ट्स के अनुसार, 'रामायण' लगभग 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस जिमर और ए.आर. रहमान तैयार कर रहे हैं। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2027 में सिनेमाघरों में आने की योजना है।