
Singer Arpit Bala Angry Spit On Fans: सोशल मीडिया पर अपने गाने 'बरगद' से लोकप्रियता हासिल करने वाले युवा सिंगर अर्पित बाला इन दिनों एक कॉन्सर्ट के दौरान हुई घटना को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। हैदराबाद में आयोजित एक लाइव म्यूजिक शो के दौरान अचानक ऐसा कुछ हुआ, जिसने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया और अब इस घटना का वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, हैदराबाद के एक क्लब में आयोजित इस म्यूजिक इवेंट में अर्पित बाला अपने फैंस के बीच परफॉर्म कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा दर्शक मौजूद थे और माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा हुआ था। लेकिन इसी दौरान भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने स्टेज की ओर बोतल फेंक दी। इस हरकत से सिंगर नाराज हो गए और उन्होंने तुरंत परफॉर्मेंस रोक दी।
घटना के बाद अर्पित बाला ने मंच से ही उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जिसने ये हरकत की थी। जैसे ही उन्हें अंदाजा हुआ कि बोतल किस दिशा से आई है, उन्होंने उसी ओर देखकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि उन्होंने गुस्से में उस शख्स को जमकर फटकार लगाई और मंच से ही सख्त चेतावनी दे डाली।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सिंगर ने गुस्से में बोतल वापस भी फेंकी और सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि संबंधित व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया जाए। हालांकि कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और शो दोबारा शुरू कर दिया गया।
अर्पित बाला ने दर्शकों से साफ तौर पर कहा कि किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने ये भी साफ किया कि टिकट खरीदने का मतलब यह नहीं होता कि कोई भी व्यक्ति मंच पर खड़े कलाकार के सम्मान को ठेस पहुंचाए। इसके अलावा उन्होंने थूक भी दिया। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।
फरीदाबाद से ताल्लुक रखने वाले अर्पित बाला ने पिछले साल अपने एक गाने के जरिए सोशल मीडिया पर जबरदस्त पहचान बनाई थी। इसके बाद से उनके लाइव कॉन्सर्ट्स में लगातार भीड़ देखने को मिल रही है। यही वजह है कि हैदराबाद की यह घटना भी तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग सिंगर की प्रतिक्रिया को जायज ठहरा रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि मंच पर कलाकारों को संयम बनाए रखना चाहिए।