मनोरंजन

असम में बाढ़ से हाहाकार, टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी का छलका दर्द, बोलीं- मां फंसी हैं, पूरा गांव पानी में डूब गया

Devoleena Bhattacharjee On Assam Flood 2026: अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने बताया है कि असल में आई बाढ़ मे उनकी मां फंसी हुई हैं। उन्होंने इस पर अपना दर्द बयां किया है।
2 min read
Jul 21, 2026
Assam Flood 2026
देवोलीना भट्टाचार्जी का बाढ़ पर छलका दर्द (फोटो सोर्स- Instagram/ devoleenabhattacharjee)

Assam Flood 2026: असम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों की स्थिति बेहद गंभीर बना दी है। शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और नजीरा समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। इसी बीच टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने परिवार और असम के लोगों की चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि उनकी मां अभी भी नजीरा में फंसी हुई हैं और वहां बिजली, पीने के पानी और जरूरी सुविधाओं का भारी संकट पैदा हो गया है।

देवोलीना ने बयां किया दर्द

'साथ निभाना साथिया' फेम अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी असम से ताल्लुक रखती हैं। बाढ़ की भयावह तस्वीरों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी विनाशकारी बाढ़ पहले कभी नहीं देखी। उनके मुताबिक नजीरा, शिवसागर और आसपास के कई जिले लगभग पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं।

अभिनेत्री ने बताया कि उनकी दादी और बुआ का घर भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। पूरे गांव तबाह हो चुके हैं और कई परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया है। उन्होंने ये भी कहा कि बड़ी संख्या में गाय, भैंस, बकरियां और दूसरे बेजुबान जानवर भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

मां की सुरक्षा को लेकर परेशान अभिनेत्री

देवोलीना ने बताया कि उनकी मां अभी भी नजीरा में मौजूद हैं, जिसे लेकर वो लगातार चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में पिछले कई घंटों से बिजली नहीं है और लोगों को खाने-पीने के सामान तथा स्वच्छ पेयजल की भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिनेत्री ने सभी प्रभावित लोगों की सलामती की दुआ करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही बाढ़ का पानी कम होगा और राहत कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे।

असम सरकार ने सेना और वायुसेना से मांगी मदद

बढ़ते संकट को देखते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य सरकार ने भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना को जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने कई मंत्रियों को तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार चौबीसों घंटे हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राहत कार्य तेज करने की मांग

बाढ़ की भयावह तस्वीरें सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रही हैं। कई जगह सड़क संपर्क टूट चुका है, जबकि हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों तक भोजन, दवाइयां और जरूरी सामान पहुंचाने में जुटी हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग असम के लिए प्रार्थना करने और राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील कर रहे हैं।

Updated on:
21 Jul 2026 02:12 pm
Published on:
21 Jul 2026 02:12 pm
Also Read
View All
‘हर हफ्ते 50 लाख कमाता हूं’, कुशाल टंडन के दावे पर वृद्धि पटवा का बड़ा खुलासा, बोलीं- ‘मुझे क्या फर्क पड़ता है’

लोकतंत्र और भ्रष्टाचार के काले सच से रूबरू कराएंगी ये 7 फिल्में, ‘नायक’ और ‘न्यूटन’ भी लिस्ट में शामिल

‘धुरंधर’ फेम अभिनेत्री आयशा खान को पुलिस ने किया डीटेन, प्रदर्शन में लेना चाहती थीं हिस्सा, बोलीं- मैं सिर्फ खड़ी हुई थी

‘छात्रों की लड़ाई सही, लेकिन राजनीति से रहें दूर’, अनुपम खेर का NEET में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन पर रिएक्शन वायरल

‘जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तो राहुल गांधी पीएम आवास क्यों ले जा रहे?’, कंगना रनौत ने किया प्रदर्शन भड़काने का दावा