मनोरंजन

भारत छोड़ चुकीं ‘बालिका वधू’ अविका गौर, बैंकॉक हुईं शिफ्ट, बोलीं- काम यहीं पर करूंगी

Avika Gor Gets Shifted To Bangkok: टीवी अभिनेत्री अविका गौर ने भारत छोड़कर बैंकॉक में रहने का फैसला किया है। उन्होंने हाल ही में इस बात का खुलासा किया।
2 min read
May 09, 2026
Avika Gor Gets Shifted To Bangkok
Avika Gor Gets Shifted To Bangkok (सोर्स- एक्स)

Avika Gor Gets Shifted To Bangkok: टीवी की दुनिया में छोटी उम्र में ही बड़ी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अविका गौर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। ‘बालिका वधू’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अविका ने अब जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर दिया है। शादी के कुछ महीनों बाद ही अभिनेत्री ने भारत छोड़कर बैंकॉक में नया आशियाना बसा लिया है। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया है कि उनका करियर और काम अब भी भारत से ही जुड़ा रहेगा।

अविका गौर ने छोड़ा भारत (Avika Gor Gets Shifted To Bangkok)

पिछले साल सितंबर में मिलिंद चंदवानी के साथ शादी के बंधन में बंधीं अविका अब अपने पति के साथ बैंकॉक में रहने लगी हैं। एचटी सिटी से बात करते हुए अभिनेत्री ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने वहां अपना घर भी खरीद लिया है और उसे अपनी पसंद के हिसाब से सजा रही हैं। अविका के मुताबिक ये फैसला अचानक नहीं लिया गया बल्कि दोनों ने मिलकर अपने भविष्य और काम को देखते हुए ये कदम उठाया।

मिलिंद के लिए बैंकॉक में बेहतर अवसर थे

अविका ने बताया कि मिलिंद के लिए बैंकॉक में बेहतर अवसर थे और उन्होंने हमेशा एक-दूसरे के सपनों को सपोर्ट किया है। अभिनेत्री का कहना है कि जब वो रिलेशनशिप में थीं तब भी दोनों ने यही तय किया था कि करियर के रास्ते में कभी एक-दूसरे को नहीं रोकेंगे। यही वजह है कि अब दोनों एक नई जगह पर अपनी जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं।

टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम करने वाली अविका ने यह भी महसूस किया कि एक्टिंग की दुनिया में किसी एक शहर से बंधकर रहना जरूरी नहीं है। उन्होंने बताया कि मुंबई में रहते हुए भी उनकी शूटिंग अक्सर हैदराबाद, राजमुंदरी और विशाखापट्टनम जैसे शहरों में होती रहती थी। ऐसे में उन्हें लगा कि बेस कहीं भी हो सकता है, जब तक काम जारी है।

भारतीय प्रोजेक्ट्स में पूरी एक्टिव रहेंगी अविका (Avika Gor Gets Shifted To Bangkok)

हालांकि बैंकॉक शिफ्ट होने के बाद भी अविका अपने भारतीय प्रोजेक्ट्स को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। अभिनेत्री ने कहा कि उनका काम ही उनकी असली पहचान है और वो उसे कभी पीछे नहीं छोड़ सकतीं। यही वजह है कि वह लगातार भारत आती-जाती रहेंगी। जल्द ही वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग के लिए रवाना होने वाली हैं। इसके अलावा उनकी साउथ फिल्म भी रिलीज के लिए तैयार है।

नई जिंदगी को लेकर अविका काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब वह अपने घर का हर फैसला खुद ले रही हैं। बचपन में माता-पिता का घर और शादी के बाद ससुराल, लेकिन अब यह पहली जगह है जिसे वह और मिलिंद मिलकर अपना बना रहे हैं। घर के फर्नीचर से लेकर इंटीरियर तक हर चीज में अभिनेत्री खुद दिलचस्पी ले रही हैं।

Published on:
09 May 2026 02:20 pm