
Awarapan Sequel: इमरान हाशमी स्टारर 'आवारापन 2' रिलीज से पहले ही फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा में है। मेकर्स ने फिल्म का नया मोशन पोस्टर जारी करते हुए सुपरहिट गाना 'तेरा मेरा रिश्ता पुराना' वापस लाने का ऐलान किया है। पोस्टर और गाने की पहली झलक ने सोशल मीडिया पर पुरानी यादें ताजा कर दी हैं और फैंस इसे फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज बता रहे हैं।
29 जुलाई को मेकर्स ने इमरान हाशमी के किरदार शिवम पंडित का नया मोशन पोस्टर रिलीज किया। पोस्टर में बारिश में भीगा उनका लुक दिखाई देता है, जबकि बैकग्राउंड में 'तेरा मेरा रिश्ता' की धुन सुनाई देती है। इसी झलक ने 2007 की 'आवारापन' की यादें फिर ताजा कर दीं। पहली फिल्म में इस गाने को मुस्तफा जाहिद ने अपनी आवाज दी थी। सीक्वल में ये गाना सुबोध शर्मा की आवाज में सुनाई देगा। खास बात ये है कि ओरिजिनल गीतकार सईद कादरी एक बार फिर इस गाने के लिए लौटे हैं, जबकि सिंगर मिथुन भी इस ट्रैक से जुड़े हैं।
मेकर्स ने बताया है कि 'तेरा मेरा रिश्ता' का नया वर्जन जल्द रिलीज किया जाएगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है। सुबोध शर्मा इससे पहले भी फिल्म के दो गानों में अपनी आवाज दे चुके हैं और अब वो शिवम पंडित के किरदार की म्यूजिकल पहचान बनते नजर आ रहे हैं।
मोशन पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा,"सच में रोंगटे खड़े हो गए।" तो दूसरे ने कहा, "मिथुन और सईद कादरी से इस गाने को लेकर बहुत उम्मीदें हैं।" तो वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, "अब आया असली म्यूजिकल कमबैक, बिल्कुल आवारापन वाली फीलिंग के साथ।"
'आवारापन 2' में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में दिशा पटानी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को नितिन कक्कड़ ने निर्देशित किया है, जबकि विशेष भट्ट इसके निर्माता हैं। कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनी ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।