
समरीन कौर ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब (सोर्स: Instagram-arshdeep.singh__and samreenkaur__)
Samreen Kaur Statement: भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह और पंजाबी एक्टर-मॉडल समरीन कौर इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं के बीच चर्चा में हैं। अब समरीन ने ट्रोलर्स के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए साफ कर दिया है कि वो अपने रिश्ते से खुश हैं और उन्हें किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया कि वह अर्शदीप को उनकी लोकप्रियता या पैसों की वजह से डेट कर रही हैं।
समरीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी। वहीं, अर्शदीप ने भी उनकी पोस्ट शेयर कर उनका हौसला बढ़ाया और लोगों से दोनों की निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील की।
समरीन ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाले दोहरे बर्ताव पर बात की। उनका कहना है कि अगर कोई महिला अपने पार्टनर को लोगों की नजरों से दूर रखती है, तो उसे रिश्ते पर गर्व न होने की बात कही जाती है। वहीं, अगर वह खुलेआम प्यार जाहिर करती है, तो उस पर लोकप्रियता पाने के लिए ऐसा करने का आरोप लगाया जाता है।
समरीन ने लिखा कि सोशल मीडिया पर लोगों की राय अक्सर विरोधी होती है। उनके मुताबिक, अपने लिए कुछ स्टैंडर्ड्स रखने पर महिला को मतलबी कहा जाता है, जबकि किसी से उसके स्वभाव और व्यवहार के लिए प्यार करने पर भी लोग रिश्ते को लेकर सवाल उठाते हैं।
समरीन ने उन दावों पर भी नाराजगी जताई कि वो अर्शदीप के पैसे या उनकी लोकप्रियता की वजह से इस रिश्ते में हैं। उन्होंने बताया कि वह 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और आर्थिक और पेशेवर रूप से अपनी जिम्मेदारियां खुद संभालती हैं। वह अब तक 20 से ज्यादा देशों की जर्नी भी कर चुकी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि किसी रिश्ते में होने या न होने से उनकी बनाई हुई जिंदगी पर कोई फर्क नहीं पड़ता। समरीन ने यह भी कहा कि वह खास तौर पर महिलाओं को दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाते देखकर थक चुकी हैं। उनके मुताबिक, बिना वजह की राय, कयास और नकारात्मक टिप्पणियां काफी परेशान करने वाली हैं। समरीन ने साफ किया कि लगातार नकारात्मक टिप्पणियां करने वाले लोगों को वह ब्लॉक कर देंगी। अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, “मैं खुश हूं, प्यार में हूं और अपनी जिंदगी जी रही हूं। बस यही मायने रखता है। कृपया हमें हमारे हाल पर छोड़ दें।”
समरीन की पोस्ट पर अर्शदीप सिंह ने भी खुलकर उनका साथ दिया। उन्होंने उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “मुझे तुम पर गर्व है, बेबी। तुम बहुत मजबूत हो।”
क्रिकेटर ने उन लोगों को भी जवाब दिया जो उनके रिश्ते और सार्वजनिक रूप से प्यार जाहिर करने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं। अर्शदीप ने लोगों से अपनी जिंदगी पर ध्यान देने और दूसरों को भी अपनी जिंदगी जीने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंटरनेट को बेहतर बनाने के लिए लोगों को प्यार फैलाना चाहिए और एक-दूसरे के प्रति दयालु होना चाहिए। अर्शदीप ने समरीन को निष्कपट, समझदार और प्यार से भरी हुई बताया। साथ ही, इस जोड़े को प्यार और समर्थन देने वाले लोगों का शुक्रिया भी अदा किया।
अर्शदीप और समरीन को इस साल IPL सीजन के दौरान भी सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। दरअसल, एक बार एयरपोर्ट पर अर्शदीप को समरीन का बैग उठाते हुए देखा गया था। इसके बाद कुछ यूजर्स ने क्रिकेटर का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 'कुली' तक कह दिया था। कुछ लोगों ने पंजाब किंग्स के लिए उनके प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए थे।
बता दें, समरीन कौर और अर्शदीप सिंह ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम पर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों एशियन गेम्स समेत कई कार्यक्रमों में साथ नजर आ चुके हैं। यह भी बताया गया है कि दोनों ने एक-दूसरे के नाम के शुरुआती अक्षरों वाले मिलते-जुलते टैटू बनवाए हैं।
Updated on:
1 Nov 2026, 4:47 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 4:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.