
Ayesha Khan Reacting Sonam Wangchuk hunger strike: फिल्म 'धुरंधर' में आइटम सॉग से फेम पाने वाली एक्ट्रेस आयशा खान ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा नोट शेयर किया है, जिसने लोगों का ध्यान एंटरटेनमेंट से हटाके सामाजिक मुद्दों की ओर खींचा है। आयशा ने एक्सेप्ट किया कि उन्हें खुद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की चल रही भूख हड़ताल की जानकारी नहीं थी। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया और आम लोगों से अपील की कि देश के खास मुद्दों को भी उतनी ही गंभीरता से सामने लाया जाए, जितनी ग्लैमर और विवादों से जुड़ी खबरों को मिलती है।
आयशा खान ने एक्टर ओमी वैद्य की एक पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और इस पोस्ट में ओमी ने सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई और लोगों से इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील की। बता दें, पोस्ट शेयर करते हुए आयशा ने लिखा कि उन्हें भी इस भूख हड़ताल की जानकारी नहीं थी, जो उनके लिए हैरानी की बात है, जिसमें उन्होंने कहा कि समाज में मनोरंजन और विवादों पर जरूरत से ज्यादा फोकस होने के कारण कई बार जरूरी मुद्दे लोगों की नजर से ओझल हो जाते हैं।
इसके साथ ही, आयशा ने मीडिया से अपील की कि वो केवल फिल्मी खबरों तक सीमित न रहे, बल्कि देश में चल रहे सामाजिक और मानवीय विषयों को भी प्रमुखता से सामने लाए। आयशा खान के मुताबिक, लोगों तक सही और जरूरी जानकारी पहुंचाने में मीडिया की बड़ी भूमिका होती है।
तो वहीं, ओमी वैद्य ने भी अपने इंस्टा नोट में सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो नहीं चाहते कि लंबे समय तक चल रही भूख हड़ताल का उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़े। उन्होंने लोगों से इस विषय पर जागरूक रहने और इसकी जानकारी शेयर करने की अपील की।
इसी बीच, वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी भूख हड़ताल लगातार जारी है और इस दौरान उनका वजन काफी कम हुआ है। मेडिकल रिपोर्ट में उनके ब्लड शुगर लेवल में गिरावट और अन्य स्वास्थ्य संकेतकों में बदलाव दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञ लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। आयशा खान का ये बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई यूजर्स ने उनकी बात का सपोर्ट करते हुए कहा कि मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक और सार्वजनिक हित के मुद्दों पर भी बराबर ध्यान दिया जाना चाहिए।