
Baseer Ali reaction on Girlfriend Bani Conversion Questions: रियलिटी शो के चर्चित चेहरे बसीर अली और बानी जे ने अपना रिश्ता कंफर्म कर दिया है। काफी समय से दोनों की डेटिंग की खबरें आ रही थी, जिनपर कपल ने विराम लगाते हुए बता दिया है कि वह एक दूसरे के साथ मजबूत रिश्ते में हैं। जहां दोनों के फैंस इस खबर के बाद से काफी खुश हैं वहीं एक वर्ग ऐसा भी है जो इनके रिश्ते पर कमेंट कर रहा है। बसीर अली एक मुस्लिम परिवार से आते हैं वहींं, बानी हिंदू हैं। ऐसे में बानी के धर्म बदलने को लेकर जब बसीर अली से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसका शानदार जवाब दिया।
बसीर अली और बानी जे नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में नजर आए। इस दौरान बसीर अली ने बताया कि शुरुआत में उन्हें अंदाजा नहीं था कि बानी किस भावनात्मक उथल-पुथल से गुजर रही थीं। उन्होंने बानी के बारे में बात करते हुए कहा कि वह बाहर से शांत समुद्र जैसी दिखती हैं, लेकिन अंदर तेज लहरें चलती हैं। कभी सुबह की हाई टाइड जैसी और कभी शाम की लो टाइड जैसी हैं। बसीर के मुताबिक, वह शुरुआत में इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन जैसे-जैसे दोनों एक-दूसरे को बेहतर जानने लगे, एक-दूसरे की जिंदगी में योगदान देना और साथ निभाना उनके लिए बेहद सहज हो गया।
बसीर ने यह भी कहा कि अपनी परेशानियों को किनारे रखकर दूसरे इंसान की इमोशनल जरूरतों को समझना हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन बानी के साथ उनके रिश्ते में यह स्वाभाविक रूप से हुआ। लेकिन दोनों अभी भी एक-दूसरे को समझ रहे हैं, उनकी बातचीत और एक खास जुड़ाव अपने आप गहरा हुआ है।
शादी और अंतर-धार्मिक रिश्तों और धर्मपरिवर्तन जैसे सवालों पर बसीर ने बताया कि वह जब छोटे थे तो कम उम्र में शादी और पिता बनने का सोचते थे, लेकिन हालात उस तरह नहीं बने। उन्होंने अपनी मां का जिक्र करते हुए कहा कि मां ने हमेशा एक 'छाते' की तरह उनकी रक्षा की और उन्हें आत्मनिर्भर व परिवार के लिए जिम्मेदार देखकर वह खुश होती हैं, हालांकि मां आज भी उनसे ज्यादा धार्मिक होने, हर रोज पूजा करने और शादी जैसी उम्मीदें रखती हैं।
बसीर से आगे जब दूसरे धर्म की महिलाओं को डेट करने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपनी मां की सलह को याद किया। उन्होंने कहा- मां हमेशा कहती है कि अगर वह किसी गैर-मुस्लिम लड़की के साथ हैं, तो कभी यह उम्मीद न करें कि वह प्यार के लिए अपना धर्म बदले। बसीर ने तर्क दिया कि करीब 30 साल तक अपने विश्वास को जीने वाले व्यक्ति से यह उम्मीद करना कि वह आपके लिए अपने आराध्य को छोड़ दे, रिश्ते को नुकसान पहुंचा सकता है।
वहीं, बसीर ने पहले भी एक इंटरव्यू में बताया था कि एक बार उन्होंने दूसरे धर्म की महिला से इसलिए रिश्ता खत्म कर दिया था, क्योंकि वह उनके साथ रहने के लिए धर्म बदलने को तैयार थीं, जबकि बसीर ऐसा नहीं चाहते थे। बता दें, गुरबानी जज उर्फ बानी जे 'MTV रोडीज' और 'बिग बॉस 10' जैसे शोज से पहचानी जाती हैं, जबकि बसीर अली 'MTV रोडीज राइजिंग', 'स्प्लिट्सविला 10' और 'बिग बॉस 19' का हिस्सा रहे हैं।