
Thalapathy Vijay Jana Nayakana Row: साउथ सुपरस्टार से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलापति विजय इन दिनों राजनीति के साथ-साथ अपनी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। लंबे समय से सेंसर बोर्ड में अटकी इस फिल्म को लेकर अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
खबर है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने खुद फिल्म की रिलीज का मोर्चा संभाल लिया है और इसके लिए निर्माता वेंकट के नारायण को कान्स फिल्म फेस्टिवल से तुरंत चेन्नई लौटने के लिए कहा गया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
विजय की ये फिल्म सिर्फ एक मूवी नहीं बल्कि उनके फिल्मी करियर का भावुक अध्याय मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ‘जन नायकन’ उनकी आखिरी फिल्म हो सकती है। ऐसे में फैंस भी इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
‘जन नायकन’ पिछले कई महीनों से सीबीएफसी की रिवाइजिंग कमेटी के पास अटकी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के कुछ राजनीतिक और संवेदनशील दृश्यों पर आपत्ति जताई गई थी। यही वजह रही कि फिल्म को तय समय पर रिलीज नहीं किया जा सका।
बताया जाता है कि फिल्म में ऐसे कई डायलॉग्स और सीन्स हैं, जिन्हें तमिलनाडु की राजनीति से जोड़कर देखा गया। चूंकि विजय ने पहली बार अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम के साथ विधानसभा चुनाव में एंट्री की थी, इसलिए फिल्म की सामग्री को चुनावी माहौल पर असर डालने वाला माना गया।
जब फिल्म को क्लियरेंस नहीं मिला तो मेकर्स ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया था। उस वक्त फिल्म को जनवरी में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन कानूनी लड़ाई लंबी खिंच गई। बाद में निर्माताओं ने कोर्ट केस वापस लेकर फिल्म को दोबारा रिवाइजिंग कमेटी के पास भेज दिया।
तब से अब तक फिल्म की रिलीज पर सस्पेंस बना हुआ था। हालांकि अब विजय के सीधे दखल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही फिल्म को हरी झंडी मिल सकती है।
फिल्म की मुश्किलें सिर्फ सेंसर बोर्ड तक सीमित नहीं रहीं। अप्रैल में ‘जन नायकन’ की एचडी कॉपी ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिसने पूरी इंडस्ट्री को चौंका दिया। इस मामले में तमिलनाडु साइबर क्राइम पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
जांच में सामने आया कि एक फ्रीलांस एडिटर ने गैरकानूनी तरीके से फुटेज हासिल कर इंटरनेट पर अपलोड कर दी थी। इसके बाद फिल्म एडिटर प्रदीप ई राघव को भी एडिटर्स एसोसिएशन ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में सस्पेंड कर दिया।
केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘जन नायकन’ एक बड़े स्तर की राजनीतिक एक्शन ड्रामा फिल्म बताई जा रही है। फिल्म का बजट करीब 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज, गौतम मेनन और ममिता बैजू जैसे कलाकार नजर आएंगे।
फैंस को उम्मीद है कि विजय की ये विदाई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करेगी। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी कब मिलती है और इसकी नई रिलीज डेट क्या होगी।