
Deepak Qazir Kejriwal Controversy: 'कहानी घर-घर की' और 'बड़े अच्छे लगते हैं' फेम वेटरन एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल, 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (CINTAA) से जुड़े एक विवाद में फंस गए हैं। इसमें FIR, मारपीट के आरोप और 26 नवंबर को एसोसिएशन के मुंबई ऑफिस में हुई घटनाओं के अलग-अलग बयान शामिल हैं। पहले ऐसी खबरें आई थीं कि केजरीवाल पर उनके ही साथियों ने हमला किया है। CINTAA की अध्यक्ष उपासना सिंह ने अब आरोप लगाया है कि केजरीवाल काफी समय से ऑफिस में हंगामा कर रहे थे और उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है। मामले को और तूल देते हुए, 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने भी इस घटना पर अपना एक अलग ही पक्ष रखा है।
26 नवंबर को मुंबई में CINTAA के ऑफिस में दिग्गज अभिनेता दीपक काजिर केजरीवाल का नाम कथित तौर पर एक हाथापाई में शामिल था। इससे पहले, CINTAA की लाइफटाइम मेंबर डेजी क्लेमेंट्स ने आरोप लगाया कि केजरीवाल को ऑफिस में घुसने से रोका गया था, जिसके बाद बहस इतनी बढ़ गई कि मारपीट की नौबत आ गई।
क्लेमेंट्स ने दावा किया कि अरमान ताहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने एक्टर को लात-घूंसों से पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने 'बॉलीवुड क्रॉनिकल' को बताया, "वे कैंसर के मरीज हैं। CINTAA ऑफिस में ऐसा नहीं होना चाहिए। यह वाकई सबके लिए चिंताजनक बात है।"
हालांकि, CINTAA की अध्यक्ष उपासना सिंह ने इस दावे को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि केजरीवाल ने खुद ही एसोसिएशन के ऑफिस में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने बताया कि केजरीवाल अब एसोसिएशन के सदस्य नहीं हैं और उन्हें ऑफिस परिसर में आने से बैन किया गया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दीपक काजिर केजरीवाल CINTAA के एक विवाद में फंसे हुए हैं, जिसमें उन पर मारपीट के आरोप लगे हैं।
NDTV से बातचीत के दौरान उपासना सिंह ने बताया, "हमें उनके खिलाफ FIR दर्ज करानी पड़ी क्योंकि वह बार-बार वहां आते हैं और गलत व्यवहार करते हैं। वह महिलाओं और हमारी कार्यकारी समिति (EC) के सदस्यों के साथ बहुत ही आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वह वहां लगे पोस्टर्स को फाड़ देते हैं।" इसके साथ ही उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने सबकी सहमति से उनकी सदस्यता को रद्द किया था और उन्हें लाइफटाइम के लिए बर्खास्त करने के लिए वोट किया था।
आगे उपासना सिंह ने कहा कि 26 नवंबर को एक सुरक्षा गार्ड ने केजरीवाल को एंट्री गेट पर रोका, लेकिन वह किसी तरह अंदर जाने में कामयाब रहे और कॉन्फ्रेंस हॉल में चल रही एक मीटिंग में पहुंच गए। उन्होंने दावा किया कि वहां उन्होंने मेंबर्स को गालियां देना शुरू कर दिया, जिनमें 74 वर्षीय वेटरन एक्टर दीपक पाराशर भी शामिल थे। उन्होंने आगे बताया कि दीपक पाराशर पहले से ही डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इस घटना से वह काफी परेशान हो गए और बेहोश हो गए। दीपक पाराशर की बिगड़ी तबीयत को देखकर वह उन्हें अस्पताल ले गईं।
इतना ही नहीं उपासना सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल को कॉन्फ्रेंस हॉल से बाहर निकालने की कोशिश के दौरान वह चोटिल हो गईं। जब उन्होंने केजरीवाल को दीपक पाराशर के साथ कथित तौर पर आक्रामक व्यवहार करने से रोकने की कोशिश की, तो केजरीवाल ने अपना हाथ घुमाया और उनकी कोहनी सिंह की नाक पर लग गई। बाद में केजरीवाल ने कहा कि यह अनजाने में हुआ था।
इसके साथ ही उपासना सिंह ने कहा कि 26 नवंबर की घटना पहली बार नहीं थी। कुछ साल पहले CINTAA के गणतंत्र दिवस पर आयोजित किए गए एक इवेंट में भी दीपक काजिर ने हंगामा किया था और माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की थी और बदतमीजी की थी।
CINTAA अध्यक्ष के मुताबिक, हेतल परमार ने भी दीपक काजिर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने की शिकायत की थी, जिसके बाद एक्टर ने लिखित में माफी मांगी थी। वहीं, प्रीति सप्रू से जुड़े एक मामले में उनके खिलाफ केस भी दर्ज है, जो अभी भी कोर्ट में चल रहा है। इसके साथ ही उपासना ने दावा किया कि दीपक ने एक वीडियो में गाली-गलौज करने की बात को स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयीज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने एक अलग ही बात बताई है। तिवारी के अनुसार, केजरीवाल अक्सर डेज़ी क्लेमेंट्स के साथ CINTAA के दफ्तर आते थे और वहां मौजूद लोगों के साथ बदसलूकी करते थे। उन्होंने बताया कि केजरीवाल की खराब सेहत को देखते हुए, सदस्य आमतौर पर उनसे उलझने से बचते थे। तिवारी का दावा है कि इस हाथापाई के दौरान दीपक पाराशर बेहोश भी हो गए थे।
दीपक काजिर केजरीवाल 'सहर होने को है', 'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी', 'असुर', 'तेनाली रामा', 'बड़े अच्छे लगते हैं' और 'कहानी घर घर की' जैसे टीवी और वेब शो के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में 'जाने भी दो यारो', 'रूप की रानी चोरों का राजा', 'परदेस' और 'मेट्रो… इन दिनों' जैसी फिल्में शामिल हैं।