
Diya Aur Baati Hum Actress Deepika Singh: टीवी एक्ट्रेस दीपिका सिंह का कहना है कि मुंबई में करीब 15 साल बिताने के बाद भी दिल्ली आज भी उनके दिल और यादों में उसी तरह बसी हुई है। हाल ही में परिवार से मिलने राजधानी पहुंचीं दीपिका ने बताया कि उन्हें दिल्ली की सड़कें इतनी अच्छी तरह याद हैं कि कई बार वो अपनी कार का रास्ता गूगल मैप्स से पहले खुद ठीक कर लेती हैं।
दीपिका ने मुस्कुराते हुए कहा, "मुझे दिल्ली की सड़कें गूगल मैप्स से बेहतर पता हैं।" उनका मानना है कि समय भले ही बदल गया हो, लेकिन दिल्ली से उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ।
HT के मुताबिक दीपिका सिंह का बचपन दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बीता। उन्होंने एयर फोर्स स्कूल में पढ़ाई की और बाद में बैंक में नौकरी भी की। इसी दौरान एक फैशन शो में अचानक हिस्सा लेने का मौका मिला, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। दीपिका ने बताया कि एक प्रतियोगी के न आने की वजह से उन्हें रैंप पर उतरने का अवसर मिला। उन्होंने इसे एक रोमांचक अनुभव मानते हुए चुनौती स्वीकार की और यही फैसला उनके मॉडलिंग और अभिनय करियर की शुरुआत बन गया।
एक्ट्रेस का कहना है कि दिल्ली ने उन्हें सिर्फ करियर के मौके ही नहीं दिए, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करना भी सिखाया। उन्होंने कहा कि यहां के अनुभवों ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया। इस पर दीपिका ने बताया कि पढ़ाई के दौरान ट्यूशन के लिए अकेले आना-जाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। इसी दौरान उन्होंने बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के आत्मरक्षा की कई बातें सीख लीं। उनके मुताबिक, दिल्ली में रहने का अनुभव ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए काफी था।
शोहरत मिलने के बाद भी दीपिका की पसंद नहीं बदली। उन्होंने बताया कि दिल्ली हाट और सरोजिनी नगर आज भी उनके पसंदीदा बाजार हैं। तो वहीं, खाने की बात करें तो करोल बाग की रोशन दी कुल्फी और पहाड़गंज के सीताराम छोले-भटूरे अब भी उनकी पसंदीदा जगहों में शामिल हैं। दीपिका ने कहा कि दिल्ली की सबसे खास बात ये है कि यहां देर रात भी स्वादिष्ट खाना आसानी से मिल जाता है, जो उन्हें हमेशा याद रहता है।
सोशल मीडिया पर अपने डांस वीडियो के लिए चर्चा में रहने वाली दीपिका ने कहा कि वो खुद को बेहतरीन डांसर नहीं मानतीं। उनके लिए डांस सिर्फ खुशी जाहिर करने का जरिया है। उन्होंने कहा, "मैं आज भी दिल से दिल्ली की लड़की हूं और वही अंदाज मेरी हर रील में दिखाई देता है।" उन्होंने दिल्ली की लड़कियों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां की परवरिश इंसान को मजबूत और आत्मविश्वासी बनाती है। उनके मुताबिक, मुंबई की रफ्तार अलग है, लेकिन दिल्ली हमेशा घर जैसा सुकून देती है। इस बातचीत के दौरान दीपिका से मिलने आए फैंस के साथ उन्होंने खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग दिल से मिलते हैं और यही अपनापन उन्हें बार-बार इस शहर की ओर खींच लाता है।