
शिक्षा व्यवस्था पर शेखर सुमन का बयान। (फोटो सोर्स: instagram-shekhartonite)
Shekhar Suman on 94 Thousand Schools: एक्टर और टीवी होस्ट शेखर सुमन अपने डिजिटल सटायर शो 'शेखर टुनाइट (Shekhar Tonite)' के जरिए लगातार देश से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर बेबाक टिप्पणी कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने शो के एक वीडियो क्लिप में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छात्र आंदोलन और हजारों सरकारी स्कूलों के बंद होने के मुद्दे पर तीखा व्यंग्य किया। देखते ही देखते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शेखर सुमन ने अपने शो में कहा कि पिछले 10 साल में 94 हजार सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा, "पिछले 10 साल में 94,000 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। अच्छी बात है। अब बच्चे कम से कम ये तो नहीं पूछेंगे कि टीचर कहां है? शौचालय कहां है? बिजली कहां है? और सरकार ये स्कूल बंद करके गरीबों की मदद ही कर रही है। क्योंकि बच्चे ज्यादा वक्त घर पर रहेंगे तो मां-बाप के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर पाएंगे। गरीब परिवारों के बीच प्रेम बढ़ेगा।"
इसके आगे उन्होंने कहा, "स्कूल इसलिए भी बंद होने चाहिए। क्योंकि हर बच्चा पढ़-लिख गया तो उसे सवाल पूछने की बुरी आदत लग जाएगी और फिर वो बड़ा होकर कॉकरोच बन जाएगा। पहले सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की बहुत तुलना होती थी। अमीर और गरीब दोनों के बच्चे अपने-अपने स्कूल जाते थे। इसलिए सरकार ने सरकारी स्कूल ही खत्म कर दिए। ना रहेंगे गरीबों के स्कूल और ना होगी तुलना।"
जानकारी के लिए बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब शेखर सुमन ने CJP आंदोलन पर अपनी राय रखी हो। इससे पहले भी वो कई एपिसोड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन, शिक्षा व्यवस्था और सरकार की नीतियों पर अपने मजाकिया अंदाज में व्यंग कर चुके हैं। उन्होंने एक एपिसोड में कहा था कि किसी मंत्री के इस्तीफे से ज्यादा देश को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो युवाओं की आवाज को सामने ला सके। उनके इस तरह के बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरते हैं। शेखर सुमन का ये वीडियो तब सामने आया है जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने CJP छात्र आंदोलन के चलते आज इस्तीफा दे दिया है।
'शेखर टुनाइट' शेखर सुमन का डिजिटल सटायर और पॉलिटिकल-कमेंट्री शो है, जिसमें वो देश के गंभीर, राजनीतिक, सामाजिक और मनोरंजन से जुड़े मुद्दों पर मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखते हैं। शो का फॉर्मेट स्टैंड-अप, मोनोलॉग और राजनीतिक सटायर का कॉम्बो है। इसकी छोटी-छोटी क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं और दर्शकों के बीच पॉपुलर हैं।
बता दें कि शो के हालिया एपिसोड में सरकारी स्कूलों को लेकर दिया गया उनका ये सटायर भी इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
शो के जरिए शेखर सुमन लगातार शिक्षा, लोकतंत्र और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते रहे हैं, जिन पर सोशल मीडिया पर भी बहस देखने को मिलती है।
Updated on:
25 Jul 2026 07:26 pm
Published on:
25 Jul 2026 06:59 pm
