
Bengaluru Daycare Horror: बेंगलुरु के एक डे-केयर सेंटर में मासूम बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस घटना की कड़ी आलोचना हो रही है। इसी बीच टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी इस मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देवोलीना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने आरोपियों के प्रति बेहद कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उनका यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है और लोग भी इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बच्चों के साथ कथित क्रूरता की खबर सामने आने के बाद देवोलीना भट्टाचार्जी ने एक्स पर लिखा, 'सवाल नहीं, इन्हें ऐसे डंडे लगाओ कि वॉशरूम जाने के लायक ना रहे।'
यानी अभिनेत्री का मानना है कि सिर्फ पूछताछ या औपचारिक कार्रवाई काफी नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी मासूम बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार करने की हिम्मत न कर सके।
देवोलीना का ये पोस्ट कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई यूजर्स ने उनके गुस्से का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में रहकर कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
ये मामला बेंगलुरु के एक कॉर्पोरेट कैंपस में संचालित डे-केयर सेंटर से जुड़ा है, जहां बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के वीडियो सामने आए। वायरल वीडियो में छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के आरोप लगे, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस मामले में पहली गिरफ्तारी भी कर ली। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। हजारों यूजर्स ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और डे-केयर सेंटरों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की।
देवोलीना भट्टाचार्जी का बयान भी इसी बहस का हिस्सा बन गया है। उनके पोस्ट के बाद कई लोगों ने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की हिंसा या प्रताड़ना को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।