
Devoleena on Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित हैक्सार स्टूडियो में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई मासूम बच्चों की जान चली गई, जिसके बाद आम लोगों से लेकर मनोरंजन जगत के सितारे भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी इस घटना पर गहरी नाराजगी और चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए व्यवस्था, जवाबदेही और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
देवोलीना भट्टाचार्जी ने अपने पोस्ट में कहा कि सत्ता और ताकत का नशा कई बार नेताओं और जिम्मेदार लोगों को उन नागरिकों से दूर कर देता है, जिनकी सेवा के लिए उन्हें चुना जाता है। उन्होंने लिखा कि केवल हाईवे, फ्लाईओवर और बड़ी-बड़ी परियोजनाएं किसी देश की तरक्की का पैमाना नहीं हो सकतीं। असली विकास तब माना जाएगा, जब आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें, उन्हें बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और न्याय सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध हो।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि देश में लगातार आग की घटनाएं, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध, पेपर लीक, सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की बदहाल स्थिति तथा पानी जैसी मूलभूत समस्याएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसे में जनता यह नहीं देखती कि कितने किलोमीटर सड़कें बनीं, बल्कि वह यह जानना चाहती है कि उसका परिवार कितना सुरक्षित है और उसके टैक्स का पैसा उसकी जिंदगी बेहतर बनाने में कितना इस्तेमाल हो रहा है।
दरअसल, लखनऊ अग्निकांड की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हैक्सार स्टूडियो संचालित हो रहा था, वहां पहले एक लाइब्रेरी थी। पूरी छत पर बिजली के तारों का जाल फैला हुआ था, जिसे छिपाने के लिए कृत्रिम छत बनाई गई थी।
पूर्व छात्रों के मुताबिक, छोटी-बड़ी तकनीकी खराबियों को ठीक करने के लिए प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन की मदद लेने के बजाय संचालक खुद ही मरम्मत कर लिया करते थे। आरोप है कि स्टूडियो शुरू होने के बाद भी यही लापरवाही जारी रही और अंततः यह भयावह हादसा हो गया।
देवोलीना ने अपने पोस्ट में लिखा कि विकास केवल आंकड़ों, घोषणाओं और तस्वीरों तक सीमित नहीं होना चाहिए। असली प्रगति तब होगी जब संस्थाएं मजबूत हों, व्यवस्था निष्पक्ष हो और नागरिकों को यह भरोसा हो कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या हम सच में आगे बढ़ रहे हैं या फिर उन समस्याओं की ओर लौट रहे हैं, जिन्हें पीछे छोड़ देने का दावा किया जाता रहा है।
अभिनेत्री ने अपनी बात खत्म करते हुए लोकतंत्र में जवाबदेही की अहमियत पर जोर दिया। उनका कहना है कि लोकतंत्र केवल वादों से नहीं, बल्कि जवाबदेही और जिम्मेदारी से मजबूत होता है। उनका यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।