
Dheeraj Dhoopar Wife Vinny Arora Reacts:Lock Upp 2 एक्ट्रेस धीरज धूपर के रियलिटी शो लॉक अप 2 से बाहर होने की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर ये दावा किया जाने लगा कि उन्होंने अपने बेटे की खराब तबीयत की वजह से शो छोड़ दिया है। अब इन अटकलों पर उनकी पत्नी और एक्ट्रेस विन्नी अरोड़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए बेटे की सेहत को लेकर फैल रही सभी अफवाहों को खारिज कर दिया है।
विन्नी अरोड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बेटे की सेहत को लेकर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ और खुश है। साथ ही उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर उसकी तबीयत को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। बता दें, विन्नी ने साफ किया कि उनके बेटे की सेहत को लेकर फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।
धीरज धूपर लॉक अप 2 से एलिमिनेट हो गए हैं। हालांकि, कुछ खबरों में दावा किया गया कि उन्होंने पारिवारिक कारणों से खुद शो छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद ये चर्चा भी शुरू हो गई कि बेटे की तबीयत खराब होने की वजह से उन्होंने शो से बाहर आने का निर्णय लिया। हालांकि, धीरज या शो के मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हाल ही में धीरज धूपर को लॉक अप 2 के घर में अपने बेटे ज़ैन से मिलने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद विन्नी अरोड़ा ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि धीरज के शो में जाने के बाद ज़ैन अपने पिता को बहुत याद कर रहा था। विन्नी के मुताबिक, जैन बार-बार रोकर उठ जाता था, उसे बुखार भी था और खाने-पीने और नींद में दिक्कत हो रही थी। उन्होंने बताया था कि पिता-पुत्र की मुलाकात खास तौर पर बच्चे की भावनात्मक स्थिति को देखते हुए कराई गई थी। इसी के बाद सोशल मीडिया पर धीरज के शो छोड़ने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
आने वाले एपिसोड में लॉक अप 2 में कई नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अपूर्वा मखीजा उर्फ 'द रिबेल किड' की वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पूर्व ब्यूटी क्वीन नेहल चुडासमा भी शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हो सकती हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इसके अलावा, ये भी कहा जा रहा है कि योगेश रावत एविक्शन के बावजूद वाइल्ड कार्ड के जरिए शो में वापसी कर सकते हैं। तो वहीं, अपूर्वा मखीजा का सफर भी छोटा रहने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लॉक अप 2 के नए एपिसोड शनिवार से गुरुवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किए जाते हैं।