मनोरंजन

एक विवादित सीन के बावजूद सुपरहिट हुई डिंपल कपाड़िया की ‘सागर’, शादी के 12 साल बाद किया था कमबैक

Dimple Kapadia Comeback Film Saagar: 40 साल पहले 1985 में रिलीज हुई कमल हासन और ऋषि कपूर की फिल्म 'सागर' बॉलीवुड की सिर्फ एक सुपरहिट फिल्म नहीं थी, बल्कि डिंपल कपाड़िया के करियर की शानदार वापसी भी थी। इस क्लासिक फिल्म ने डिंपल को फिर से स्टार बना दिया। आज भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।

3 min read
Jun 08, 2026
Dimple Kapadia Comeback Film Saagar
बॉबी के 12 साल बाद सागर फिल्म से की थी वापसी। (फोटो सोर्स: IMDb)

Dimple Kapadia Comeback Film Saagar: बॉलीवुड में 1980 का दशक आज भी 'एंग्री यंग मैन' और एक्शन फ़िल्मों के लिए जाना जाता है, लेकिन 40 साल पहले 1985 में रमेश सिप्पी की फिल्म 'सागर' ने इस दौर में एक लव ट्रायंगल कहानी को अलग ऊंचाइयों तक पहुंचाया। फिल्म में कमल हासन, ऋषी कपूर और डिंपल कपाड़िया ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

डिंपल के करियर की दूसरी पारी

जहां डिंपल कपाड़िया 'बॉबी' फिल्म से टीन-एजर्स की पसंदीदा स्टार बन गई थीं, लेकिन 'बॉबी' के बारह साल बाद आई 'सागर' ने उन्हें एक बड़े स्टार के तौर पर पहचान दलाई। शादी, दो बच्चों और तलाक के बाद डिंपल कपाड़िया के करियर की ये एक शानदार वापसी थी। रमेश सिप्पी की इस फिल्म में उनका आकर्षण, करिश्मा और उनकी एक्टिंग की काबिलियत दिखाई दी। बता दें कि राजेश खन्ना से शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक ले लिया था।

1985 की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी सागर

'सागर' 1985 की नौवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। बता दें कि इसी साल 'शोमैन' राज कपूर ने अपनी आखिरी बड़ी डायरेक्टोरियल फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' रिलीज की थी। और उस साल के फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 'सागर' और 'राम तेरी गंगा मैली' के बीच कड़ा मुकाबला भी रहा हुआ। जहां इन अवॉर्ड्स में 'सागर' को 12 नॉमिनेशन और चार अवॉर्ड मिले, वहीं, 'राम तेरी गंगा मैली' को 10 नॉमिनेशन और पांच जीत मिलीं।

'सागर' फिल्म विवाद

फिल्म में खूबसूरत और शांत दृश्यों का इस्तेमाल किया गया था। डिंपल कपाड़िया को कई बार खिड़कियों, दरवाजों और बारिश के बीच फिल्माया गया, जिससे गांव की सादगी और सुरक्षित माहौल को दिखाया जा सके। वहीं सुबह और शाम की प्राकृतिक रोशनी ने फिल्म को एक रोमांटिक और सपनों जैसा एहसास दिया, जो दर्शकों को बेहद पसंद आया।

बता दें कि 'सागर' में कपाड़िया समुद्र के किनारे भीगे कपड़ों में दौड़ना और एक सेकेण्ड से भी कम का टॉपलेस सीन था। जो विवाद का कारण बना। नेशनल लेवल पर इस सीन को लेकर बहस छिड़ी थी। समाज के तथाकथित ठेकेदार इसके खिलाफ थे, जबकि दूसरी तरफ काफी लोगों ने इसे नार्मल रूप से स्वीकार किया। शायद यही वो दौर था जब भारत विक्टोरियन दौर की दकियानूसी सोच से बाहर निकलने लगा था। इसके गाने भी बहुत लोकप्रिय हुए; 'ओ मारिया' बिनाका गीत माला 1986 में 8वें नंबर पर, 'सागर किनारे' 20वें नंबर पर और 'जाने दो ना' 22वें नंबर पर रहा।

फिल्म की स्टार कास्ट

'सागर' की जान हैं इसके जबरदस्त कलाकार डिंपल कपाड़िया, कमल हासन और ऋषि कपूर और एक लव ट्राएंगल। फिल्म में नादिरा, सईद जाफरी, मधुर जाफरी, शफी इनामदार, ए के हंगल, शरत सक्सेना, सतीश कौशिक और गोगा कपूर ने सपोर्टिंग रोल निभाए हैं। जावेद अख्तर की लिखी और जी पी सिप्पी की प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में संगीत आर डी बर्मन का है और गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। प्लेबैक सिंगर्स किशोर कुमार, शैलेंद्र सिंह, एस पी बालासुब्रमण्यम, लता मंगेशकर और आशा भोसले हैं। कोरियोग्राफी पी एल राज (और कमल हासन) की है और सिनेमैटोग्राफी एस एम अनवर की है।

फिल्म की कहानी

'सागर' की कहानी एक बहुत ही साधारण लव ट्राएंगल पर आधारित है। डी'सिल्वा परिवार (मोना का रोल कपाड़िया ने और उनके पिता मिस्टर डी'सिल्वा का रोल सईद जाफरी ने किया है) का गोवा के एक मछुआरों के गांव में अपनी कम्युनिटी के बीच एक छोटा सा रेस्टोरेंट है। राजा (कमल हासन), जो पास ही रहने वाला एक मछुआरा है, वहां अक्सर आता-जाता है और उनका अच्छा दोस्त है। मोना और राजा के बीच खूब हंसी-मज़ाक होता है। मोना उसे अच्छा दोस्त मानती है लेकिन राजा उससे प्यार करता है। वह एक दिन उससे शादी करना चाहता है, जब वह उसे बेहतर ज़िंदगी दे सके। रवि (ऋषि कपूर) विदेश में पढ़ा-लिखा है और एक अमीर बिजनेस परिवार से है। वह गोवा आता है और मोना के प्यार में पड़ जाता है। मोना भी उस बाहरी व्यक्ति से प्रभावित हो जाती है। राजा को उनके प्यार के बारे में पता नहीं चलता। रवि की दादी, कमलादेवी (मधुर जाफरी) क्लास के अंतर की वजह से उनके प्यार के खिलाफ रहती हैं।

फिल्म का बजट

खबरों के मुताबिक, 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी और 3.7 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली 'सागर' एक हिट फिल्म थी। 90 और 2000 के दशक में टीवी पर बार-बार दिखाए जाने के कारण इसे 'कल्ट स्टेटस' मिला और ये फिल्म डिम्पल कपाड़िया के फिल्मी सफर में एक मील का पत्थर साबित हुई।

'सागर' डिंपल कपाड़िया की वापसी वाली फिल्म थी, लेकिन प्रोडक्शन में देरी के कारण 'जख्मी शेर', 'एतबार' और 'मंजिल मंजिल' इससे पहले रिलीज हो गईं। लेकिन 'सागर' ने ही उन्हें इंडस्ट्री की एक प्रमुख अभिनेत्री के तौर पर स्थापित किया। उस साल उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था।