
FTII students protest R Madhavan: फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) में चेयरमैन और एक्टर आर माधवन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। दिल्ली में चल रहे CJP के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के बीच संस्थान के कुछ छात्रों ने उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर में FTII परिसर में मौजूद आर माधवन के केबिन के बाहर एक पोस्टर लगाया गया दिखाई देता है, जिस पर लिखा है, "NEET बिकाऊ है"। पोस्टर के साथ फेमस गायब मीम का इस्तेमाल भी किया गया, जिसे कई लोगों ने एक्टर पर तंज के तौर पर देखा।
बताया जा रहा है कि छात्र चाहते हैं कि आर माधवन, जो FTII के चेयरमैन होने के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा चेहरा भी हैं, देशभर में चल रहे NEET पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन पर अपनी राय व्यक्त करें। साथ ही, प्रदर्शनकारी लगातार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी माधवन की चुप्पी चर्चा का विषय बन गई है।
बता दें, वायरल पोस्ट पर कई यूजर्स ने एक्टर को टैग करते हुए सवाल पूछे। किसी ने लिखा, "आप कहां हैं?", तो किसी ने मजाकिया अंदाज में कमेंट की कि वो अभी भी अपने किसी फिल्मी किरदार में व्यस्त हैं। कुछ लोगों ने उनके लंबे समय से बंद बताए जा रहे कार्यालय को लेकर भी चुटकी ली। इसके साथ ही, आर माधवन की फिल्मों 'रंग दे बसंती', '3 इडियट्स' और 'केसरी चैप्टर 2' का जिक्र करते हुए कई यूजर्स ने कहा कि शिक्षा और युवाओं से जुड़े विषयों पर काम करने वाले एक्टर से लोग सार्वजनिक प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहे थे। एक्टर अभय वर्मा ने वायरल पोस्ट पर लाइक किया, जबकि एक्टर सोहम मजूमदार ने भी उस पर प्रतिक्रिया दी, जिससे ये मामला और सुर्खियों में आ गया।
इसी बीच, सोशल मीडिया पर आमिर खान को लेकर भी बहस छिड़ी रही। कुछ यूजर्स ने उनके पुराने बयान को लेकर सवाल उठाए और सोनम वांगचुक से जुड़ा एक पुराना वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जताई। तो दूसरी ओर, कई स्टार्स खुलकर छात्र आंदोलन के समर्थन में सामने आए हैं, जिसमें इमरान खान, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल और ओमी वैद्य समेत कई फिल्मी हस्तियों ने छात्रों और सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है।
तो वहीं शबाना आजमी, प्रकाश राज, अमोल पाराशर और पूनम पांडे जैसे स्टार भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंच चुके हैं। हालांकि, आर माधवन की ओर से अब तक इस पूरे विवाद या वायरल पोस्टर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनसे जवाब देने की मांग लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।