Hema Malini to receive Dharmendra Award: धर्मेंद्र के निधन के बाद हाल ही में हुए ऑस्कर के 'इन मेमोरियम सेगमेंट' में दिवंगत अभिनेता को याद नहीं किया गया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा भी हुई थी। मगर अब उनको इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सम्मानित किया जाने वाला है।
Hema Malini to Receive Dharmendra Award: हाल ही में हुए ऑस्कर अवॉर्ड्स में दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को 'इन मेमोरियम सेगमेंट' में श्रद्धांजलि न दिए जाने पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने नाराजगी जाहिर की थी। मगर अब अभिनेत्री ने बताया है कि दिल्ली में आयोजित हो रहे पहले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFD) 2026 में उनके दिवंगत पति और बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही हेमा मालिनी ने ये भी बताया कि धर्मेंद्र के सम्मान में मिलने वाले अवॉर्ड को लेने वो खुद जाएंगी।
ANI से बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, “मैं रेखा गुप्ता जी को दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित करने के लिए बधाई देना चाहती हूं। यह महोत्सव चार-पांच दिनों तक चलेगा। उन्होंने कई कलाकारों को आमंत्रित किया है। महोत्सव में कई कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। वो धर्मेंद्र जी को श्रद्धांजलि भी दे रहे हैं… इसलिए मैं वहां पुरस्कार ग्रहण करने के लिए खुद उपस्थित रहूंगी।”
गौरतलब है कि पहले 'International Film Festival Delhi' शुरुआत बुधवार को भारत मंडपम में ग्रांड ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुआ। अर्जुन कपूर और निमरत कौर ने इवेंट की मेजबानी की और इसमें विक्की कौशल, सान्या मल्होत्रा, सिद्धांत चतुर्वेदी, अनुपम खेर और लॉरेन गॉटलिब सहित बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल हुईं। 25 मार्च को शुरू हुए इस समारोह का समापन 31 मार्च को होगा।
इससे पहले ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र को शामिल नहीं किया गया था। इस पर हेमा मालिनी ने निराशा व्यक्त करते हुए सुभाष के. झा के साथ बातचीत में कहा था, “यह वाकई शर्मनाक है। एक ऐसे अभिनेता को नजरअंदाज करना शर्मनाक है, जिनका दुनिया के कई हिस्सों में इतने सारे लोगों के लिए बहुत महत्व है। धरम जी को हर जगह जाना और पहचाना जाता था।”
उन्होंने ये भी कहा था, “धर्मेंद्र जी को अपने जीवनकाल में बहुत सारे पुरस्कार नहीं मिले। उन्हें ऑस्कर की परवाह क्यों होती? हम दोनों अपने देश में प्यार पाकर खुश थे। लेकिन पुरस्कार हमेशा उनसे दूर रहे। यहां तक कि मुझे भी ‘लाल पत्थर’ और ‘मीरा’ में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए कोई पुरस्कार नहीं मिला।”
बता दें कि पिछले साल 24 नवंबर को बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र का लम्बी बीमारी के चलते 89 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। कई दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने और इलाज के बाद उन्हें घर लाया गया था। घर पर भी उनका इलाज चल रहा था। मगर कुछ दिनों बाद ही मुंबई के अपने घर में आखिरी सांस ली और दुनिया को अलविदा कह दिया।