मनोरंजन

इस्लाम अपनाने वाली थी हिमांशी खुराना, एक रात का किस्सा सुनाते हुए बोलीं- मुझे लगा आज आखिरी दिन है

Himanshi Khurana On Asim Riaz: अभिनेत्री हिमांशी खुराना ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वह उनपर इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाते थे।
2 min read
Aug 15, 2026
himanshi khurana was about to convert islam asim riaz pressure
हिमांशी खुराना ने एक्स-बॉयफ्रेंड आसिम रियाज पर लगाए आरोप (Photo Source- Twitter/@wordofshekhawat)

Himanshi Khurana On Convert To Islam: पंजाबी एक्ट्रेस और 'बिग बॉस 13' फेम हिमांशी खुराना (Himanshi Khurana) एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। जब हिमांशी बिग बॉस के घर में थी तब उनकी और आसिम रियाज (Asim Riaz) के बीच प्यार की शुरुआत हुई थी। बाहर आने के बाद भी कपल काफी समय तक साथ रहे, फिर अचानक ब्रेकअप की खबर आई जिससे उनके फैंस भी हैरान रह गए। अब हिमांशी ने अपने धर्मपरिवर्तन को लेकर बड़ा खुलासा किया है।   

हिमांशी और आसिम रियाज के ब्रेकअप का कारण कभी सामने नहीं आया था। अब सालों बाद बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है। हिमांशी ने बिना नाम लिए बताया कि एक समय ऐसा आ गया था जब वह अपना धर्म बदलकर इस्लाम अपनाने के बेहद करीब थीं और वह ये करने से पहले चार धाम यात्रा करना चाहती थीं। क्योंकि उन्हें लगा फिर मैं इनसे दोबारा नहीं मिल पाऊंगी।

हिमांशी खुराना ने सुनाया एक किस्सा

हिमांशी खुराना हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में पहुंची। इस दौरान उन्होंने उस एक रात का खौफनाक किस्सा सुनाया जिसने उनकी पूरी जिंदगी हिलाकर रख दी थी। हिमांशी ने बताया कि उनकी लाइफ में जो शख्स था वह उनके पूजा-पाठ और धार्मिक आस्थाओं के सख्त खिलाफ था।

हिमांशी ने खुलासा करते हुए कहा, "उसने मुझसे साफ शब्दों में कह दिया था कि 'ये पूजा-पाठ अब नहीं चलेगा।' उनके परिवार और उनके विचार मुझ पर थोपे जा रहे थे। उनकी तरफ से इतना ज्यादा मानसिक दबाव था कि एक रात ऐसा मोड़ आ गया था कि मैं इस्लाम अपनाने के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी थी।"

हिमांशी ने बताया प्यार में करने वाली थी धर्मपरिवर्तन

हिमांशी ने आगे बताया कि उस समय वह प्यार में इतनी अंधी हो चुकी थीं कि वह धर्मपरिवर्तन करने के लिए तैयार भी हो गई थीं। हालांकि, बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह दबाव सही नहीं है और उन्होंने इस फैसले को टाल दिया। हिमांशी ने कहा कि किसी भी रिश्ते में धर्मपरिवर्तन के लिए दबाव देना सही नहीं है और हर व्यक्ति को अपने धर्म को मानने की आजादी होनी चाहिए।

सालों पुराना रिश्ता टूटने की असल वजह आई सामने

बता दें, 'बिग बॉस 13' के बाद से हिमांशी और आसिम रियाज दोनों साथ थे। फैंस इस जोड़ी को बेहद पसंद करते थे और इन्हें 'एसिमंशी' (Asimanshi) के नाम से बुलाते थे। जब दोनों का ब्रेकअप हुआ था, तब दोनों ने आपसी सहमति और अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं को वजह बताया था। लेकिन हिमांशी के इस नए बयान ने साफ कर दिया है कि उनके रिश्ते के टूटने के पीछे की मुख्य वजह धर्म का दबाव ही था। क्योंकि अब लोग हिमांशी के बयान को आसिम रियाज से जोड़कर देख रहे हैं।

हिमांशी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ हिमांशी के फैंस उनके साहस की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आसिम रियाज ट्रोल्स के निशाने पर आ गए हैं।

Updated on:
15 Aug 2026 01:27 pm
Published on:
15 Aug 2026 12:25 pm