
Himanshu Jangra Viral Video in 370 Biryani Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में दिए गए एक विवादित बयान के बाद सुर्खियों में आए गुरुग्राम के 22 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया बयान नहीं, बल्कि पुलिस स्टेशन के बाहर का एक वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में हिमांशु अपने दोस्तों के साथ हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद इंटरनेट पर बहस का एक नया दौर शुरू हो गया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
दरअसल, कुछ समय पहले कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो के दौरान ऑडियंस इंटरैक्शन में हिमांशु जांगड़ा ने अपनी डेट से जुड़ा एक ऐसा बयान दिया था, जिसने सोशल मीडिया पर भारी विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा था कि उन्होंने एक लड़की के साथ डेट पर जाकर 370 रुपये की चिकन बिरयानी खिलाई थी और इसके बदले उन्हें कुछ "रिटर्न" की उम्मीद थी। इस टिप्पणी को लोगों ने महिलाओं की गरिमा और सहमति के खिलाफ बताते हुए जमकर आलोचना की थी।
मामला तब और बढ़ गया जब शो का ये हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई लोगों ने सिर्फ हिमांशु ही नहीं, बल्कि कॉमेडियन प्रणीत मोरे की भी आलोचना की। आरोप लगाया गया कि उन्होंने इस टिप्पणी का विरोध करने के बजाय उस पर हंसी जताई और बाद में वीडियो को अपने प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया। इसके बाद दोनों को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की ओर से नोटिस जारी किया गया था।
विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और वह केवल मनोरंजन के माहौल में बहक गए थे। हालांकि, इस माफी के बावजूद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, जिस निजी कंपनी में वह काम कर रहे थे, वहां से भी उनकी नौकरी चली गई।
अब इसी विवाद के बीच पुलिस स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है। ये वीडियो पहले इंस्टाग्राम पर एक वकील द्वारा साझा किया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। लेकिन तब तक वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो चुका था। वीडियो में हिमांशु अपने दोस्तों के साथ पुलिस स्टेशन के बाहर दिखाई देते हैं। इसी दौरान उनका एक दोस्त मजाकिया अंदाज में '370 बिरयानी वाले भाई…' कहता है, जिस पर हिमांशु हंसते हुए नजर आते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी बंटी हुई हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के बीच इस तरह का व्यवहार गंभीर मामले को हल्के में लेने जैसा है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि केवल किसी के मुस्कुराने या हंसने से उसके इरादों का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता और वायरल क्लिप के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा।
फिलहाल इस वायरल वीडियो पर हिमांशु जांगड़ा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं सोशल मीडिया पर यह बहस जारी है कि क्या वायरल क्लिप किसी व्यक्ति की पूरी मानसिक स्थिति या कानूनी मामले के प्रति उसके रवैये को दर्शा सकती है।