
Helly Shah Statement: कैटरीना कैफ के लुक और वजन को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही टिप्पणियों के बीच एक्ट्रेस हेली शाह ने प्रतिक्रिया दी है। हेली ने कैटरीना के सपोर्ट में कहा कि हर किसी का शरीर अलग होता है और बच्चे को जन्म देने के बाद हर महिला के शरीर को रिकवर होने में अलग-अलग समय लग सकता है। उन्होंने लोगों से बेवजह ट्रोलिंग और तुलना करने से बचने की अपील भी की।
कैटरीना के गणपति सेलिब्रेशन के दौरान सामने आए लुक को लेकर सोशल मीडिया पर उनके वजन और अपीयरेंस पर तरह-तरह के कमेंट्स किए गए थे। इस पर हेली ने कहा कि उन्हें कैटरीना का हेयर और स्किन लुक काफी अच्छा लगा। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे को जन्म देने के बाद शरीर में कई बदलाव होते हैं, जिन्हें समझना जरूरी है।
हेली ने कहा, “कैटरीना गणपति में नजर आईं। उनके बाल और स्किन बहुत अच्छे लग रहे थे। उन्होंने थोड़ा वजन बढ़ाया है, लेकिन जब आप बच्चे को जन्म देते हैं तो ऐसा होता है। आपके शरीर में बहुत कुछ होता है और आपको समझना चाहिए कि हर किसी का शरीर अलग होता है।”
हेली ने महिलाओं के शरीर की तुलना किए जाने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला तीन महीने में रिकवर कर लेती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि दूसरी महिला भी उतने ही समय में रिकवर कर लेगी। दरअसल, हर कोई अलग है। आप किसी की तुलना किसी और से नहीं कर सकते।”
हेली ने सोशल मीडिया पर लोगों के लगातार कमेंट करने और सेलिब्रिटीज को ट्रोल करने की आदत पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोगों को लगता है कि उन्हें किसी को भी ट्रोल या बेवजह क्रिटिसाइज करने का अधिकार है, जबकि एक समाज के तौर पर ऑनलाइन अपने व्यवहार के बारे में सोचने की जरूरत है।
हेली के मुताबिक, लोगों को थोड़ा रिलैक्स होना चाहिए और एक्टर्स को अपनी जिंदगी जीने देना चाहिए। उन्होंने खास तौर पर किसी के शरीर को लेकर अनावश्यक टिप्पणी और तुलना से बचने की बात कही।